नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार के भीतर तीन लोगों के शव मिलने की सूचना सामने आई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फ्लाईओवर पर खड़ी एक टवेरा कार के अंदर से तीन शव बरामद किए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप फैल गया।
बताया जा रहा है कि सबसे पहले फायर ब्रिगेड को एक लावारिस हालत में खड़ी कार की सूचना मिली थी। जब फायर टीम मौके पर पहुंची और कार की जांच की गई, तो अंदर तीन लोग मृत अवस्था में पाए गए। इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की गई।
संदिग्ध परिस्थितियों में तीनों की मौत, पहचान हुईकार के अंदर मिले तीनों शव संदिग्ध हालात में पाए गए हैं। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है। मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। जिन लोगों के शव बरामद हुए हैं, उनकी पहचान रणधीर सिंह (60 वर्ष), लक्ष्मी सिंह (40 वर्ष) और शिव नारायण (46 वर्ष) के रूप में हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तीनों की मौत किन कारणों से हुई।
पुलिस का बयानमामले को लेकर डीसीपी सचिन शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा, “हमें सूचना मिली थी कि एक वाहन में शव हो सकते हैं। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि कार के अंदर तीन लोग मृत पाए गए। मृतकों की पहचान कर ली गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।” पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी।
हाल के दिनों में दिल्ली में बढ़ी आपराधिक घटनाएंगौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली में एक और सनसनीखेज घटना सामने आई थी, जिसमें एक डिलीवरी बॉय की हत्या कर दी गई थी। पांडव नगर के आचार्य निकेतन इलाके में डिलीवरी के दौरान एक युवक को चाकू से गोदकर मार दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया था।
पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे, जिनमें गले और सीने पर गंभीर चोटें शामिल थीं। मृतक की उम्र महज 22 साल थी और उसकी पहचान अरुण राज के रूप में हुई थी। जांच में सामने आया था कि बाइक सवार तीन युवकों का किसी बात को लेकर डिलीवरी बॉय से विवाद हो गया था, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।
पुलिस नाबालिग आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि आखिर ऐसा कौन-सा विवाद था, जिसने इस वारदात को जन्म दिया। फिलहाल पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर मिले तीन शवों के मामले में भी जांच जारी है और पुलिस हर एंगल से मामले को खंगाल रही है।