दिल्ली-NCR में इस मार्च ने अचानक ठंड का एहसास करा दिया। शनिवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोग चौंक गए। जहां आमतौर पर मार्च में गर्मी बढ़ने लगती है, वहीं इस बार गुरुवार से लगातार बारिश और कोहरा देखी गई। देखते ही देखते दिल्ली समेत NCR का अधिकांश क्षेत्र घने कोहरे में ढक गया।
दिल्ली-एनसीआर का मौसममौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दिल्ली-NCR का न्यूनतम तापमान 15°C दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 30°C के आसपास रहा। मौसम पूर्वानुमान (Weekly Weather Forecast) के मुताबिक अगले छह दिनों में न्यूनतम तापमान 30 से 36°C के बीच रहने का अनुमान है।
ईद के मौके पर जामा मस्जिद भी कोहरे की चादर में ढकी रही। घने कोहरे के बीच नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हुए।
तापमान में गिरावट और वर्षा का असरपिछले तीन दिनों से लगातार तेज हवा और हल्की बारिश के कारण राजधानी का तापमान गिरा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21.7°C तक गिर गया, जो मार्च के पिछले छह वर्षों का सबसे ठंडा दिन बन गया। इससे पहले मार्च 2020 में न्यूनतम तापमान 21.2°C दर्ज किया गया था।
बारिश के कारण दिल्ली की हवा भी साफ हुई है। लगभग पांच महीनों के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) संतोषजनक स्तर पर आया। शनिवार को आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन कोई वर्षा नहीं हुई।
फरीदाबाद में घना कोहराफरीदाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों में तीन दिन से हो रही बारिश के बाद घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरा देखकर ऐसा लग रहा है जैसे जनवरी या दिसंबर का महीना हो। इस मौसम का फसलों पर असर पड़ रहा है। पहले से भीगी हुई फसलें सूख नहीं पा रही हैं। जिन खेतों में लावणी का काम शुरू हुआ था, उन्हें मौसम साफ होने के बाद तीन-चार दिन का समय लगेगा।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार 22 मार्च तक खराब मौसम का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम पूरी तरह साफ होने पर ही कृषि कार्य सामान्य हो पाएंगे।
पूरे दिन बादलों की मौजूदगीतीसरे दिन लगातार दिल्ली में हल्की वर्षा और तेज हवा बनी रही। बृहस्पतिवार की तुलना में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बृहस्पतिवार का न्यूनतम तापमान 17.6°C था, जबकि शुक्रवार को यह गिरकर 16°C रह गया। अधिकतम तापमान 26.8°C से घटकर 21.7°C हो गया, जो सामान्य से लगभग 9.6°C कम है। मार्च 2020 के बाद यह सबसे कम तापमान है। शहर में दिनभर 7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे इस महीने की औसत वर्षा अब तक 16.2 मिमी हो गई है। पिछली बार मार्च 2023 में सबसे अधिक बारिश 50.4 मिमी दर्ज हुई थी।
हवा की गुणवत्ता में सुधारबारिश और हवा की हल्की चाल से वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ। दिल्ली का AQI 93 यानी संतोषजनक श्रेणी में दर्ज हुआ। लगभग पांच महीनों (161 दिनों) बाद दिल्लीवासियों को इतनी साफ हवा मिली। इससे पहले 9 अक्टूबर 2025 को AQI 99 दर्ज किया गया था।