राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को भी वायु की गुणवत्ता बेहद खराब रही। सुबह सात बजे दिल्ली का एक्यूआई 399 दर्ज किया गया, जिससे लोगों को सांस लेने में काफी कठिनाई हो रही है। आइए जानते हैं कि दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में आज वायु गुणवत्ता की स्थिति कैसी रही।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, अशोक विहार में सुबह सात बजे AQI 422 दर्ज किया गया, जो बेहद गंभीर श्रेणी में आता है। वहीं, बवाना और रोहिणी जैसे इलाकों में स्थिति और भी गंभीर है।
दिल्ली-एनसीआर का AQI विवरण:स्थान - AQI - स्थिति
अशोक विहार, दिल्ली -422 -बेहद गंभीर
बवाना, दिल्ली -442 -बेहद गंभीर
आईजीआई एयरपोर्ट -369 -बहुत खराब
आईटीओ, दिल्ली -431 -बेहद गंभीर
जहांगीरपुरी, दिल्ली -424 -बेहद गंभीर
नरेला, दिल्ली -408 -बेहद गंभीर
पंजाबी बाग, दिल्ली -415 -बेहद गंभीर
रोहिणी, दिल्ली -432 -बेहद गंभीर
इंदिरापुरम, गाजियाबाद -331 -बहुत खराब
लोनी, गाजियाबाद -422 -बेहद गंभीर
नोएडा सेक्टर-116 -383 -बहुत खराब
गुरुग्राम सेक्टर-51 -319 -बहुत खराब
दिल्ली की जहरीली हवा में बृहस्पतिवार को भी राहत नहीं मिली और राजधानी की वायु गुणवत्ता लगातार तीसरे दिन गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। 24 घंटे का औसत AQI शाम चार बजे 404 रहा, जो बुधवार के 418 के मुकाबले थोड़ा कम है। हालांकि, यह स्तर अब भी स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा करता है।
केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने लगातार तीसरे दिन बहुत खराब वायु गुणवत्ता की भविष्यवाणी की थी, लेकिन वास्तविक स्थिति ने यह पूर्वानुमान गलत साबित कर दिया। मंगलवार और बुधवार को भी AQI 400 से ऊपर ही रहा।
सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार, दिल्ली के 39 निगरानी केंद्रों में से 28 ने गंभीर श्रेणी की वायु गुणवत्ता दर्ज की। वजीरपुर (458), चांदनी चौक (453) और बवाना (452) सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं। देश भर में बहादुरगढ़ (466) और रोहतक (430) में दिल्ली से भी अधिक खराब वायु गुणवत्ता दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदूषक ज़मीन के पास ही फंस गए हैं, जिससे सांस लेना और भी कठिन हो गया है।