दिल्ली और उससे सटे एनसीआर क्षेत्रों में मंगलवार, 25 अगस्त की सुबह से तेज बारिश हो रही है। घने बादलों के बीच जारी बारिश के कारण कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई और सुबह के समय लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
सुबह से जारी बारिश का असर खासतौर पर स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रों पर भी पड़ा। खराब मौसम को देखते हुए कई स्कूलों ने ‘रेनी डे’ घोषित किया। वहीं, जगह-जगह पानी भरने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रही और कुछ रास्तों पर चलना मुश्किल हो गया।
दिल्ली के सभी जिलों के लिए चेतावनीआईएमडी के अलर्ट के अनुसार, मंगलवार सुबह 10:13 बजे तक दिल्ली के सभी जिलों में रेड अलर्ट लागू रहा। इसमें सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, न्यू दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, शाहदरा, साउथ दिल्ली, साउथ ईस्ट दिल्ली, साउथ वेस्ट दिल्ली और वेस्ट दिल्ली शामिल हैं।
मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तूफानी परिस्थितियों की आशंका जताई है। चेतावनी के मुताबिक, हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और बारिश की तीव्रता 15 मिमी प्रति घंटे से अधिक रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
गुरुग्राम प्रशासन ने दी वर्क फ्रॉम होम की सलाहलगातार बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम प्रशासन ने मंगलवार को स्कूलों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने की सलाह दी है। साथ ही कार्यालयों को भी कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम का विकल्प अपनाने की सलाह दी गई है।
बारिश का असर दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम के मौसम पर भी दिखाई दिया है। इन इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।