दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) में बड़ा बदलाव आने वाला है। राजधानी के तीन प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के नाम बदलने का फैसला किया गया है। यह ऐलान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Delhi CM Rekha Gupta) ने हाल ही में राज कलश यात्रा के दौरान किया।
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन, प्रशांत विहार मेट्रो स्टेशन और हैदरपुर बादली मोड़ स्टेशन के नाम अब बदल दिए जाएंगे। यह निर्णय स्थानीय निवासियों और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
राज कलश यात्रा और वीर शहीदों को श्रद्धांजलिराज कलश यात्रा रेजांगला युद्ध के वीर शहीदों को सम्मानित करने के लिए निकाली जा रही है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस पवित्र यात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि लद्दाख से हजारों किलोमीटर की दूरी तय कर राज कलश यात्रा हैदरपुर पहुंची, जो एक गौरवशाली क्षण है।
सीएम ने इस अवसर पर कहा कि यह यात्रा पूरे राष्ट्र को “राष्ट्र प्रथम” की भावना से जोड़ती है। उन्होंने आयोजन समिति, यादव महासभा और यात्रा से जुड़े सभी आयोजकों को राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक बनाने के लिए बधाई दी। हैदरपुर गांव की धरती आज वीर शहीदों की पावन स्मृति का स्वागत करते हुए धन्य महसूस कर रही है।
तीन मेट्रो स्टेशनों के नए नामसीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन मेट्रो स्टेशनों के नाम बदलने का निर्णय लिया गया है। पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन अब मधुबन चौक के नाम से जाना जाएगा। प्रशांत विहार मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर उत्तरी पीतमपुरा/प्रशांत विहार रखा गया है। वहीं हैदरपुर बादली मोड़ का नाम अब हैदरपुर गांव कर दिया गया है।
इसके अलावा, मैक्स अस्पताल रोड को चौड़ा करने और अंडरपास बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है। इससे क्षेत्र के निवासियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी। हैदरपुर गांव विकसित दिल्ली की नई पहचान बनता जा रहा है, जो परंपरा का सम्मान करते हुए आधुनिक सुविधाओं को प्राथमिकता देता है।