दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन अगले आदेश तक बंद, राजीव चौक से सुप्रीम कोर्ट तक कई ब्लू लाइन स्टेशन प्रभावित

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों के चलते राजधानी के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद करने का फैसला लिया है। डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट दोनों सुविधाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं।

बंद किए गए स्टेशनों में अधिकतर ब्लू लाइन के स्टेशन शामिल हैं। इनमें राजीव चौक, पटेल चौक से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक के कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। डीएमआरसी के अनुसार, इन स्टेशनों को सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बंद किया गया है और आगे की स्थिति के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।

हालांकि, यात्रियों को राहत देते हुए डीएमआरसी ने बताया कि राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। यानी इन स्टेशनों से यात्री लाइन बदलने की सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे।

डीएमआरसी ने स्पष्ट किया है कि जिन स्टेशनों को बंद किया गया है, वहां यात्रियों के प्रवेश और बाहर निकलने के सभी रास्ते फिलहाल बंद रहेंगे। इनमें से ज्यादातर स्टेशन जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में स्थित हैं।
इन 16 मेट्रो स्टेशनों पर बंद रहेगी एंट्री और एग्जिट सुविधा

सुरक्षा कारणों से जिन मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद किया गया है, उनकी सूची इस प्रकार है।

लोक कल्याण मार्ग
राजीव चौक
पटेल चौक
रामकृष्ण आश्रम मार्ग
बाराखंभा रोड
सुप्रीम कोर्ट
सेवा तीर्थ
जनपथ
मंडी हाउस
केंद्रीय सचिवालय
आईटीओ
दिल्ली गेट
इंद्रप्रस्थ
खान मार्केट
जोर बाग
शिवाजी स्टेडियम

विरोध प्रदर्शनों के बीच सुरक्षा बढ़ाई गई

बता दें कि संसद के मानसून सत्र के दौरान दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से लगातार विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों के प्रदर्शनों को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

इसी क्रम में दिल्ली मेट्रो के संवेदनशील इलाकों में स्थित स्टेशनों पर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश के बाद डीएमआरसी ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इन स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है।

दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन राजधानी के सबसे व्यस्त मेट्रो कॉरिडोर में से एक है। इस रूट पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। ऐसे में प्रमुख स्टेशनों के बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले मेट्रो सेवाओं की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें।