दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित एक जिम के बाहर हुई फायरिंग की घटना ने राजधानी में सनसनी फैला दी है। सुबह के समय हुई इस गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मामले ने तब और ज्यादा तूल पकड़ लिया जब लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया के जरिए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। इस दावे में पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा का नाम भी लिया गया, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के मुताबिक पश्चिम विहार के पुष्कर एन्क्लेव में स्थित 24HS फिटनेस जिम को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। घटना के कुछ समय बाद गैंग से जुड़े बताए जा रहे अनिल पंडित नामक व्यक्ति ने एक ऑडियो संदेश और सोशल मीडिया पोस्ट जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में कहा गया कि जिस जिम पर फायरिंग की गई, उसका संबंध सिंगर गुरु रंधावा से है।
हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सोशल मीडिया पर सामने आए संदेशों में कितनी सच्चाई है और फायरिंग के पीछे वास्तविक मकसद क्या था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस ने क्या जानकारी दी?आउटर दिल्ली के डीसीपी की ओर से जारी बयान के अनुसार 11 जून 2026 की सुबह पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि पुष्कर एन्क्लेव स्थित 24HS फिटनेस जिम के बाहर गोलीबारी हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जिला पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावर जिम के पास पहुंचे थे। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। आरोपियों ने जिम के शीशों पर कई गोलियां चलाईं और इसके बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं पहुंची है और कोई हताहत नहीं हुआ है।
अधिकारियों का कहना है कि वारदात के बाद तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आरोपियों की पहचान के लिए विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
गैंगस्टर के दावे पर क्या कह रही है पुलिस?फायरिंग के बाद सामने आए सोशल मीडिया पोस्ट में यह दावा किया गया कि जिम सिंगर गुरु रंधावा से जुड़ा हुआ है। हालांकि अब तक की जांच में पुलिस को ऐसा कोई प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिला है, जिससे गुरु रंधावा का इस जिम से सीधा संबंध स्थापित हो सके।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अभी तक जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार जिम का स्वामित्व दिल्ली के टैगोर गार्डन निवासी एक व्यक्ति के पास है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि गुरु रंधावा का नाम इस मामले में क्यों लिया गया और क्या यह केवल धमकी देने की रणनीति का हिस्सा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि जहां फायरिंग की गई, वह स्थान सीधे सीसीटीवी कवरेज में नहीं था। इसी वजह से पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है ताकि हमलावरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है। सोशल मीडिया पर किए गए दावों, ऑडियो मैसेज और फायरिंग की घटना के बीच संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जा सके।