दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासन पूरी तरह सख्त मोड में आ गया है। घटना के बाद राजधानी में अवैध रूप से चल रहे होटल और गेस्ट हाउस के संचालक अपनी-अपनी संपत्तियों को बंद करने में जुट गए हैं। इसी बीच होटल मालिक लवकेश बजाज से पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। दिल्ली पुलिस की जांच में उसने स्वीकार किया कि कमरों की संख्या इसलिए बढ़ाई गई क्योंकि कमाई ज्यादा हो रही थी और उसके अनुसार “दिल्ली में सब चलता है” जैसी सोच काम कर रही थी। साथ ही उसने यह भी माना कि होटल संचालन के लिए फायर विभाग से आवश्यक एनओसी नहीं ली गई थी।
पुलिस अब लवकेश बजाज को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करने की तैयारी में है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी बताया कि आग लगने की घटना के बाद वह मौके से तुरंत फरार हो गया था। उसका कहना है कि घटना के समय वह घबरा गया था, इसलिए वह सीधे घर नहीं गया और डर के चलते इधर-उधर सड़कों पर भटकता रहा। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम में उसकी भूमिका और लापरवाही के पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
तीन वर्ष पहले खरीदी गई थी इमारतजांच में आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उसने यह इमारत करीब तीन साल पहले अहुलवालिया नामक एक पक्ष से खरीदी थी, जिसके बाद इसमें होटल और गेस्ट हाउस का संचालन शुरू किया गया। इससे पहले इस स्थान पर खादी की दुकान संचालित होती थी। उसके अनुसार जब उसने यह बिल्डिंग खरीदी थी, तब यह काफी जर्जर हालत में थी। पूछताछ में उसने दावा किया कि उसके पास बीएनबी (बेड एंड ब्रेकफास्ट), टूरिस्ट और हेल्थ रेस्टोरेंट से जुड़ी अनुमति थी, हालांकि पुलिस इन सभी दावों की अलग से जांच कर रही है। आरोपी को आज लगभग दो बजे के आसपास अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस 3 से 4 दिन की रिमांड की मांग कर सकती है।
होटल में आग से 21 लोगों की दर्दनाक मौतमालवीय नगर स्थित इस होटल में लगी आग ने भयावह रूप ले लिया, जिसमें कुल 21 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 12 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिससे यह घटना और अधिक गंभीर हो गई है। अधिकारियों के अनुसार, इमारत में आने-जाने का केवल एक ही मार्ग था, जबकि खिड़कियों को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया था और मुख्य द्वार सेंसर आधारित प्रणाली से संचालित होता था। इन्हीं खामियों के चलते यह पूरी इमारत एक तरह से मौत का जाल बन गई।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस हादसे को लेकर दक्षिण दिल्ली के जिलाधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस दर्दनाक घटना के लिए जिम्मेदार सभी लोगों की जवाबदेही तय करना बेहद आवश्यक है।