दिल्ली में बड़ा खुलासा: थिनर से बदल रहे थे एक्सपायरी डेट, नकली पैकिंग कर बेच रहे थे खाद्य सामान, 3 गिरफ्तार

दिल्ली में खाद्य सुरक्षा से जुड़ा एक बड़ा घोटाला सामने आया है, जिसने आम लोगों की सेहत को गंभीर खतरे में डाल दिया। राजधानी के द्वारका इलाके में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो एक्सपायर हो चुके या जल्द एक्सपायर होने वाले खाने-पीने के सामान की पैकेजिंग बदलकर उन्हें दोबारा बाजार में बेच रहा था। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह नामी कंपनियों के उत्पादों की एक्सपायरी डेट में हेरफेर कर उन्हें नए जैसा दिखाकर बेचने की तैयारी करता था।

क्राइम ब्रांच की टीम ने इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। छापेमारी के दौरान अलग-अलग ब्रांड्स के 3,096 सॉफ्ट ड्रिंक के कैन बरामद किए गए। इसके अलावा, बड़े पैमाने पर पैकेट बंद बिस्किट और अन्य खाद्य सामग्री भी जब्त की गई, जिनकी पैकेजिंग और लेबल में बदलाव किया गया था। शुरुआती जांच में सामने आया कि इन उत्पादों को दोबारा बाजार में खपाने की पूरी तैयारी कर ली गई थी।

थिनर से मिटाई जाती थी एक्सपायरी डेट

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा पूछताछ के दौरान हुआ। क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदोरा के मुताबिक, आरोपी बाजार से एक्सपायर या एक्सपायर होने वाले प्रोडक्ट्स खरीदते थे। इसके बाद थिनर का इस्तेमाल कर पैकेटों पर छपी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट को मिटा दिया जाता था। फिर मशीन की मदद से उन पर नई तारीख प्रिंट कर दी जाती थी, ताकि प्रोडक्ट्स बिल्कुल ताजे दिखाई दें।

नए पैक में फिर बाजार में सप्लाई

इतना ही नहीं, बदली हुई तारीख वाले इन उत्पादों को दोबारा पैक करके कार्टन में भर दिया जाता था। इसके बाद इन्हें सप्लाई चैन के जरिए बाजार में भेजा जाता था। इस तरह के उत्पाद सीधे तौर पर उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ कर सकते थे। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई

पुलिस को 29 मार्च को सूचना मिली थी कि द्वारका के बामनोली गांव में एक अवैध यूनिट संचालित की जा रही है। यहां मल्टी-ब्रांड खाद्य और पेय पदार्थों की एक्सपायरी डेट के साथ छेड़छाड़ की जा रही थी। जानकारी यह भी मिली थी कि बदली हुई तारीख के साथ इन उत्पादों को बाजार में बेचा जा रहा है।

सेक्टर-28 के गोदाम में छापा

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने द्वारका के सेक्टर-28 स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। वहां बड़ी मात्रा में सॉफ्ट ड्रिंक्स और पैकेज्ड फूड आइटम्स पाए गए। जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि इन उत्पादों की पैकेजिंग में छेड़छाड़ की गई थी। मौके से बरामद सभी सामान को तुरंत जब्त कर लिया गया।

छापेमारी के दौरान गोदाम में मौजूद शिवम सिंह और लोकेश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे इस अवैध कारोबार को कमल मुदगिल के निर्देश पर चला रहे थे। कुछ समय बाद कमल मुदगिल भी मौके पर पहुंचा, जिसे पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया। तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।

एफएसएसएआई की टीम ने भी की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने संबंधित कंपनी के लाइसेंस की जांच की और खाद्य पदार्थों के नमूने इकट्ठा किए। जांच के बाद फर्जी बैच नंबर और बदली हुई एक्सपायरी डेट वाले सभी उत्पादों को जब्त कर लिया गया।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके और इस तरह के खतरनाक फर्जीवाड़े पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।