मिडिल ईस्ट तनाव का असर, दिल्ली एयरपोर्ट से आज रद्द हुई 80 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें

मध्य पूर्व में बढ़ती भू-राजनीतिक तनाव की वजह से भारत की हवाई सेवाओं पर प्रत्यक्ष असर देखने को मिला है। मंगलवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कुल 80 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिससे हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुईं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इसमें 36 प्रस्थान (डिपार्चर) और 44 आगमन (अराइवल) शामिल थीं। खास बात यह है कि दुबई के लिए रवाना हुई अमीरात एयरलाइंस की EK513 फ्लाइट को वायु क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण वापस दिल्ली लौटना पड़ा।

दुबई से आने वाली उड़ान सुरक्षित रवाना


फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, EK512 दुबई से दिल्ली आने वाली फ्लाइट सुरक्षित रूप से उतर गई। हालांकि, कुछ एयरलाइंस ने मध्य पूर्व की ओर सीमित संचालन फिर से शुरू कर दिया है, लेकिन पूरी तरह सामान्य स्थिति अभी नहीं बन पाई है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यात्रियों को चेतावनी दी है कि पश्चिम दिशा की कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी और शेड्यूल बदलाव संभव है। सभी यात्रियों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति पहले से सुनिश्चित कर लें।
तीन दिनों में कुल 1,117 उड़ानें रद्द

दिल्ली एयरपोर्ट प्रतिदिन लगभग 1,300 से अधिक उड़ानों का संचालन करता है। पिछले तीन दिनों में मिडिल ईस्ट के तनाव के कारण भारतीय एयरलाइंस ने कुल 1,117 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं। इस कारण वैश्विक यात्रा नेटवर्क प्रभावित हुआ है। यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे एयरलाइन या एयरपोर्ट की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए ताजा जानकारी प्राप्त करें और आवश्यक होने पर वैकल्पिक योजना तैयार रखें।

एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली एयरपोर्ट ने मंगलवार को एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि मिडिल ईस्ट में बदलती जियोपॉलिटिकल परिस्थितियों की वजह से पश्चिम की ओर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स में देरी या ऑपरेशनल बदलाव हो सकते हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी एयरलाइन से लेटेस्ट अपडेट चेक करें और जरूरत पड़ने पर एयरलाइन द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक मार्ग या कनेक्शन पर विचार करें। बाकी सभी उड़ानें अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार चल रही हैं।