कोर्ट के फैसले पर AAP नेताओं का रिएक्शन, 'कोई कितना भी शक्तिशाली हो, शिव शक्ति से ऊपर नहीं'

दिल्ली शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी को बड़ी राहत मिली है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और अन्य 23 आरोपियों को सभी आरोपों से बरी कर दिया। कोर्ट से बाहर आते ही अरविंद केजरीवाल मीडिया के सामने भावुक हो गए और रोते हुए कहा कि अब कोर्ट ने भी मान लिया कि वे और उनकी पार्टी पूरी तरह ईमानदार हैं।

सच की होती है हमेशा जीत – सुनीता केजरीवाल

इस फैसले पर अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने पहला रिएक्शन दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “इस संसार में कोई कितना भी शक्तिशाली हो जाए, शिव शक्ति से ऊपर नहीं हो सकता। सच की हमेशा जीत होती है।”
मांगनी चाहिए माफी – संजय सिंह

AAP के सांसद संजय सिंह ने इस पूरे मामले को एक षड्यंत्र बताया। उन्होंने कहा कि उनके नेताओं को जेल में यातनाएं दी गईं। संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कोर्ट ने हमारे नेताओं को बरी कर दिया। यह साबित हो गया कि देश की सत्ता पर एक खतरनाक षड्यंत्रकारी शासन कर रहा था, जिसने देश के सबसे लोकप्रिय और ईमानदार नेताओं अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और AAP को बदनाम किया। हमारे नेताओं को जेल में यातनाएं दी गईं। अब देश से माफी मांगनी चाहिए।”

अरविंद केजरीवाल को जेल में सड़ाया गया – सौरभ भारद्वाज

AAP के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कोर्ट के फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार का वीडियो साझा किया। वीडियो में अरविंद केजरीवाल अपने परिवार के सदस्यों से मिल रहे हैं और पास में मनीष सिसोदिया भी मौजूद हैं। भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “सोचिए, दोनों बच्चे IIT से पढ़े, उनके आईआईटीयन IRS रहे और उनके पिता, सीएम अरविंद केजरीवाल को जेल में सड़ाया गया। भाजपा की इस गंदी सोच पर लानत है।”