पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG ने भी बढ़ाई चिंता, दिल्ली-NCR समेत कई शहरों में फिर महंगी हुई गैस

महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के दाम भी फिर बढ़ा दिए गए हैं। दिल्ली-NCR सहित देश के कई शहरों में सीएनजी एक रुपये प्रति किलोग्राम तक महंगी हो गई है। खास बात यह है कि मई महीने में यह तीसरी बार है जब सीएनजी के रेट बढ़ाए गए हैं। बीते आठ दिनों के भीतर ही सीएनजी की कीमतों में कुल 4 रुपये प्रति किलो तक की वृद्धि हो चुकी है। वहीं दूसरी ओर पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर तक महंगा हो चुका है, जिससे आम आदमी का मासिक बजट और ज्यादा प्रभावित होने लगा है।

नई कीमतें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में सीएनजी की दर 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है। वहीं नोएडा और ग्रेटर नोएडा में उपभोक्ताओं को अब 89.70 रुपये प्रति किलो के हिसाब से सीएनजी खरीदनी पड़ेगी। लगातार हो रही इस बढ़ोतरी ने निजी वाहन चालकों से लेकर सार्वजनिक परिवहन सेवाओं तक सभी की लागत बढ़ा दी है।
देश के अलग-अलग शहरों में संशोधित सीएनजी दरें इस प्रकार हैं—

दिल्ली (NCT) – ₹81.09 प्रति किलोग्राम
नोएडा – ₹89.70 प्रति किलोग्राम
गाज़ियाबाद – ₹89.70 प्रति किलोग्राम
मुज़फ्फरनगर – ₹89.58 प्रति किलोग्राम
मेरठ – ₹89.58 प्रति किलोग्राम
शामली – ₹89.58 प्रति किलोग्राम
गुरुग्राम – ₹86.12 प्रति किलोग्राम
रेवाड़ी – ₹85.70 प्रति किलोग्राम
करनाल – ₹85.43 प्रति किलोग्राम
कैथल – ₹86.43 प्रति किलोग्राम
कानपुर – ₹92.42 प्रति किलोग्राम
हमीरपुर – ₹92.42 प्रति किलोग्राम
फतेहपुर – ₹92.42 प्रति किलोग्राम
अजमेर – ₹90.44 प्रति किलोग्राम
पाली – ₹90.44 प्रति किलोग्राम
राजसमंद – ₹90.44 प्रति किलोग्राम
महोबा – ₹87.42 प्रति किलोग्राम
बांदा – ₹87.42 प्रति किलोग्राम
चित्रकूट – ₹87.42 प्रति किलोग्राम
हापुड़ – ₹90.70 प्रति किलोग्राम
गौतम बुद्ध नगर – ₹89.70 प्रति किलोग्राम
ग्रेटर नोएडा – ₹89.70 प्रति किलोग्राम

मई महीने में लगातार तीसरी बार बढ़े दाम

सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। इससे पहले 17 मई को भी सीएनजी के दामों में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं 15 मई को कंपनियों ने एक साथ 2 रुपये प्रति किलो तक रेट बढ़ा दिए थे। उस समय दिल्ली में सीएनजी की कीमत 79.09 रुपये प्रति किलो पहुंच गई थी। अब नई वृद्धि के बाद यह दर 81 रुपये के पार निकल चुकी है।

ऊर्जा बाजार के जानकारों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात का असर सीधे भारतीय ईंधन बाजार पर दिखाई दे रहा है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज स्ट्रेट के आसपास बनी अनिश्चितता के कारण वैश्विक स्तर पर तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। दुनिया के तेल और गैस व्यापार का बड़ा हिस्सा इसी समुद्री मार्ग से गुजरता है। ऐसे में आपूर्ति बाधित होने की आशंका से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में तेजी देखी जा रही है।

आखिर क्यों लगातार महंगी हो रही है CNG?

देश की प्रमुख गैस वितरण कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्राकृतिक गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर की मजबूती का असर भी आयात लागत पर पड़ रहा है। कंपनी का कहना है कि बढ़ी हुई लागत का दबाव कम करने के लिए खुदरा कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया था।

आईजीएल ने यह भी स्पष्ट किया कि मौजूदा बढ़ोतरी के बावजूद सीएनजी अभी भी पेट्रोल और डीजल की तुलना में अपेक्षाकृत सस्ता विकल्प बनी हुई है। कंपनी के अनुसार, वर्तमान दरों पर सीएनजी से चलने वाले वाहनों का खर्च पारंपरिक ईंधनों की तुलना में करीब 45 प्रतिशत तक कम आता है। हालांकि लगातार बढ़ते दामों ने उन लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है जो रोजाना सफर के लिए सीएनजी वाहनों पर निर्भर रहते हैं।