CJP प्रवक्ता सौरव दास का WhatsApp अकाउंट ब्लॉक, आंदोलन के बीच उठाया सवाल- आखिर किसके इशारे पर

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन लगातार जारी है। इसी बीच पार्टी के प्रवक्ता और सदस्य सौरव दास ने दावा किया है कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया है। इस घटनाक्रम की जानकारी उन्होंने स्वयं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट साझा करके दी। सौरव दास ने न केवल अकाउंट ब्लॉक होने की जानकारी सार्वजनिक की, बल्कि व्हाट्सएप से यह भी पूछा कि उनके अकाउंट पर कार्रवाई किस वजह से की गई और इसके पीछे आखिर किसका निर्देश या आधार था।

अपने पोस्ट में सौरव दास ने लिखा, मेरा व्हाट्सएप अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया है। क्या @WhatsApp मुझे बता सकता है कि ऐसा क्यों किया गया और किसके इशारे पर यह कार्रवाई की गई? उनका यह दावा ऐसे समय में सामने आया है, जब CJP देश की शिक्षा व्यवस्था और NEET से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली में बड़ा आंदोलन चला रही है। इस आंदोलन को लेकर देशभर में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर लगातार चर्चा हो रही है।

आंदोलन के बीच सामने आया मामला

CJP का कहना है कि वह शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रही है। पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी कर रही है। आंदोलन को विपक्ष के कई प्रमुख नेताओं का समर्थन भी मिला है। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे सहित कई विपक्षी नेता जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों के समर्थन में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं।

ऐसे माहौल में सौरव दास का व्हाट्सएप अकाउंट ब्लॉक होने का दावा सामने आने के बाद यह मुद्दा भी चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर कई लोग इस मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, हालांकि अभी तक इस संबंध में किसी स्वतंत्र स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है।
WhatsApp की ओर से नहीं आया कोई आधिकारिक जवाब

अब तक व्हाट्सएप की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि सौरव दास का अकाउंट अस्थायी रूप से ब्लॉक किया गया है या फिर स्थायी रूप से प्रतिबंधित किया गया है। कंपनी ने अब तक इस कार्रवाई के कारणों को लेकर भी कोई सार्वजनिक जानकारी साझा नहीं की है।

किन कारणों से ब्लॉक हो सकता है WhatsApp अकाउंट?

व्हाट्सएप की सेवा शर्तों और नीतियों के अनुसार, किसी अकाउंट पर कार्रवाई कई कारणों से की जा सकती है। इनमें लगातार स्पैम संदेश भेजना, बड़ी संख्या में उपयोगकर्ताओं द्वारा अकाउंट की रिपोर्ट किया जाना, अनधिकृत या मॉडिफाइड व्हाट्सएप एप्लिकेशन का उपयोग, संदिग्ध गतिविधियां या कंपनी की सेवा शर्तों का उल्लंघन शामिल हो सकता है।

हालांकि, सौरव दास के मामले में इन कारणों में से कौन-सा लागू हुआ है, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में उनका व्हाट्सएप अकाउंट किस वजह से ब्लॉक हुआ, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है और कंपनी की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।