CBSE बोर्ड क्लास 10 और 12 की परीक्षा आज से शुरू, छात्र इन बातों का रखें विशेष ध्यान

नई दिल्ली: आज से CBSE बोर्ड की क्लास 10 और 12 की परीक्षाओं का दौर शुरू हो रहा है। अगर आप भी इस परीक्षा में शामिल होने वाले हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। जानकारी के अनुसार, क्लास 10 की परीक्षा 17 फरवरी से 11 मार्च तक आयोजित होगी, जबकि क्लास 12 की परीक्षा 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक चलेगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं एक ही शिफ्ट में आयोजित होंगी, जो सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित है। इसके अलावा, छात्रों को पेपर पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा। बोर्ड ने परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।
परीक्षा से पहले ध्यान देने योग्य बातें

परीक्षा केंद्र पर अपना एडमिट कार्ड साथ रखना अनिवार्य है। बिना प्रवेश पत्र के किसी भी छात्र को परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

समय का पालन बेहद जरूरी है। छात्रों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना चाहिए, क्योंकि देर से आने वाले उम्मीदवारों को प्रवेश नहीं मिलेगा।

परीक्षा केंद्र पर सुबह 10:00 बजे तक पहुंचने की सलाह दी गई है, क्योंकि इसके बाद गेट बंद कर दिए जाएंगे।

परीक्षा शुरू होने से पहले छात्रों को 15 मिनट का समय मिलेगा, जिसमें वे अपने प्रश्न पत्र को ध्यानपूर्वक पढ़ सकते हैं और समझ सकते हैं।

परीक्षा हॉल में अनुमति प्राप्त सामग्री

CBSE एडमिट कार्ड

नीला बॉलपॉइंट पेन

पारदर्शी ज्योमेट्री बॉक्स

पेंसिल, रबर और शार्पनर

पारदर्शी पानी की बोतल

साधारण घड़ी

परीक्षा हॉल में निषिद्ध वस्तुएँ

मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच या कैलकुलेटर

कोई भी नोट्स या लिखी हुई पर्ची

ब्लूटूथ या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण

बोर्ड की चेतावनी और एडवाइजरी

सीबीएसई ने पेपर लीक और अफवाहों को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है, “अभिभावकों, छात्रों, स्कूलों और सभी संबंधित हितधारकों से विशेष अनुरोध है कि वे सतर्क रहें और किसी भी अप्रमाणित खबर, अफवाह या फर्जी सूचना से गुमराह न हों।”

छात्रों को चाहिए कि वे परीक्षा के दौरान अपने आप को शांत रखें, समय का सही उपयोग करें और परीक्षा केंद्र पर सभी निर्देशों का पालन करें। इस तरह वे न केवल तनाव कम करेंगे, बल्कि अपने प्रदर्शन को भी बेहतर बना पाएंगे।