आज से मैं अनशन शुरू कर रहा हूं...सोनम वांगचुक को हटाने के बाद अभिजीत दीपके का ऐलान

नई दिल्ली: जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हटाकर अस्पताल भेजे जाने के बाद आंदोलन ने नया मोड़ ले लिया है। दिल्ली पुलिस जहां धरनास्थल से प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई में जुटी रही, वहीं कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके दोबारा जंतर-मंतर पहुंचे और आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब वह स्वयं अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे और 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च भी तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा।

अभिजीत दीपके बोले- आज से मैं अनशन शुरू कर रहा हूं

जंतर-मंतर पहुंचने के बाद अभिजीत दीपके ने मीडिया और समर्थकों के सामने कहा कि सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने से आंदोलन समाप्त नहीं होगा। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा, आज से मैं अपना अनशन शुरू कर रहा हूं। 20 जुलाई को संसद मार्च भी हर हाल में निकलेगा। दीपके ने दावा किया कि आंदोलन अपनी मूल मांगों को लेकर पहले की तरह जारी रहेगा और प्रदर्शनकारी पीछे हटने वाले नहीं हैं।

सफदरजंग अस्पताल पहुंचीं सोनम वांगचुक की पत्नी

इस बीच सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर दिल्ली पुलिस ने सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी पत्नी गीतांजलि भी पहुंच गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए बताया कि वह अस्पताल में मौजूद हैं। गीतांजलि ने अपील की कि उनकी, परिवार की और पिछले 20 दिनों से सोनम वांगचुक की सेहत की निगरानी कर रहे डॉक्टरों की सहमति के बिना उन्हें न तो मुंह के माध्यम से और न ही नसों के जरिए किसी प्रकार की दवा, तरल पदार्थ या अन्य चिकित्सकीय सामग्री दी जाए।
अनशन के 21वें दिन अस्पताल पहुंचाए गए सोनम वांगचुक

उल्लेखनीय है कि जंतर-मंतर पर आमरण अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को शनिवार को उनके अनशन के 21वें दिन दिल्ली पुलिस ने धरनास्थल से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। इसके साथ ही पुलिस ने वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों से भी शांतिपूर्वक धरनास्थल खाली करने की अपील की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

हाई कोर्ट के निर्देश और मेडिकल सलाह का दिया हवाला

दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के आधार पर की गई है। पुलिस के अनुसार, लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए सोनम वांगचुक को तत्काल चिकित्सकीय निगरानी में अस्पताल ले जाना आवश्यक हो गया था। अधिकारियों ने यह भी कहा कि कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए गए और जंतर-मंतर पर मौजूद लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन स्थल खाली करने का अनुरोध किया गया।

मेडिकल बुलेटिन के बाद बढ़ी स्वास्थ्य संबंधी चिंता


पिछले कई दिनों से जारी मेडिकल बुलेटिन में सोनम वांगचुक की सेहत में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही थी। दो दिन पहले सामने आई रिपोर्ट के अनुसार, लंबे समय तक भूख हड़ताल जारी रहने की वजह से उनका वजन 8 किलोग्राम से अधिक कम हो चुका है और उनकी शारीरिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी थी कि यदि समय रहते आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई तो उनके शरीर के महत्वपूर्ण अंग प्रभावित हो सकते हैं। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।