पहले पेट्रोल से जलाया, फिर जहर का इंजेक्शन देकर उतारा मौत के घाट… बिहार के वैशाली में दहेज के लिए दरिंदगी की हदें पार

बिहार के वैशाली जिले से मानवता को झकझोर देने वाली खबर आई है, जहां दहेज के लिए एक 20 वर्षीय विवाहिता को न सिर्फ प्रताड़ित किया गया, बल्कि उसकी जान लेने के लिए रूह कंपा देने वाली साजिश रची गई। लालगंज के पिरापुर गांव में खुशबू नाम की महिला को पहले पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश की गई। हालांकि, जब वह इस हमले से बच गई, तो आरोप है कि बाद में अस्पताल में जहर का इंजेक्शन देकर उसकी हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, पुलिस की जांच से पहले आरोपियों ने शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश भी की।

NDTV इंडिया की खबर के अनुसार वैशाली के लालगंज थाना क्षेत्र के पिरापुर गांव में हुई यह वारदात पूरे इलाके में सनसनी फैलाने वाली रही। पुलिस के अनुसार मृतका खुशबू कुमारी 20 साल की थी और उसकी शादी दो साल पहले रवि कुमार राय से हुई थी।
शादी के बाद शुरू हुआ दहेज के लिए अत्याचार

खुशबू के परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ ही समय बाद से ही उसकी सास, ससुर, देवर और ननद उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। बताया गया है कि 19 मार्च को यह अत्याचार चरम पर पहुंचा। आरोप है कि ससुराल वालों ने बाइक से पेट्रोल निकालकर खुशबू पर छिड़क दिया और आग लगा दी। इस हमले में खुशबू गंभीर रूप से झुलस गई और उसे हाजीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिजनों का दावा है कि जब अस्पताल में इलाज का खर्च बढ़ा तो ससुराल वालों ने दरिंदगी की चरम सीमा तक जाकर खुशबू को जहर का इंजेक्शन देकर मार डाला।

अधजला शव और बिना सूचना अंतिम संस्कार की कोशिश

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने खुशबू का अंतिम संस्कार भी बिना किसी को बताए करने की कोशिश की। पुलिस जब गंडक नदी के घाट पर पहुंची तो वहां चिता जल रही थी। आनन-फानन में पुलिस ने जलती चिता से अधजले शव को बाहर निकाला। मौके पर पुलिस को देखकर पति और अन्य आरोपी फरार हो गए। हालांकि ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एफएसएल की टीम अब इस मामले में साक्ष्य जुटा रही है ताकि वारदात के सभी पहलुओं को उजागर किया जा सके।

लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि शव को बिना किसी सूचना के जबरन जलाया गया था। पुलिस ने ससुर को गिरफ्तार कर लिया है और एफआईआर दर्ज कर पूरे मामले की गंभीर जांच शुरू कर दी गई है।