समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले में एक युवती के लापता होने के मामले ने उस समय अप्रत्याशित मोड़ ले लिया, जब उसके अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच उसका एक वीडियो सामने आ गया। विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र की गढ़सिसई पंचायत के भजनगामा गांव निवासी अनीसा कुमारी पिछले आठ दिनों से लापता थी। परिजनों ने जिस शव की पहचान अनीसा के रूप में की थी, उसके अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, लेकिन इसी दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पूरे मामले को नई दिशा दे दी।
जानकारी के अनुसार, अनीसा 21 जून को दवा लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने जमीन विवाद के चलते उसके अपहरण की आशंका जताई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 23 जून को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
तालाब किनारे मिला था बोरे में बंद शवजांच के दौरान बेगूसराय जिले के गढ़पुरा क्षेत्र में एक तालाब के पास बोरे में बंद एक युवती का शव बरामद हुआ था। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने उस शव की पहचान अनीसा कुमारी के रूप में की थी। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गई थीं।
इसी बीच सोमवार सुबह घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें अनीसा खुद को जीवित बताते हुए अपने माता-पिता से कह रही है कि वह सुरक्षित है। वीडियो के साथ उसने अपनी हालिया तस्वीर भी साझा की और एक अन्य क्लिप में भी खुद के सुरक्षित होने का दावा किया। यह वीडियो सामने आने के बाद परिजन, स्थानीय लोग और पुलिस सभी हैरान रह गए।
वीडियो में लव मैरिज का भी किया दावावायरल वीडियो में अनीसा ने केवल अपने जीवित होने की जानकारी ही नहीं दी, बल्कि यह भी कहा कि उसने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह कर लिया है। उसके इस दावे के बाद पूरे मामले ने नया कानूनी और सामाजिक मोड़ ले लिया है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, वहीं परिजन भी पूरे घटनाक्रम को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं।
वीडियो वायरल होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने भी जांच की दिशा बदल दी। विद्यापतिनगर थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि पुलिस को वीडियो की जानकारी मिल चुकी है और इसकी सत्यता की हर पहलू से जांच की जा रही है।
युवती की तलाश और शव की पहचान की होगी दोबारा जांचपुलिस अधिकारियों के अनुसार अब युवती की वास्तविक स्थिति का पता लगाना प्राथमिकता है। साथ ही बेगूसराय में बरामद शव की पहचान से जुड़े सभी तथ्यों की भी नए सिरे से जांच की जाएगी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यदि वीडियो में दिखाई दे रही युवती वास्तव में अनीसा है, तो फिर बरामद शव किसका था और पहचान में कहां चूक हुई।
पुलिस का कहना है कि युवती को सुरक्षित बरामद करने के बाद उसका बयान न्यायालय में दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है और वायरल वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि करने में जुटी हुई है।