पटना में कोचिंग सेंटर पर हिंसा के बाद पुलिस की सख्त कार्रवाई, अब तक 3 हिरासत में; खान सर ने सरकार और पुलिस की खुलकर सराहना की

पटना में मंगलवार की रात खान ग्लोबल इंस्टीच्यूट में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद खुद खान सर ने सम्राट चौधरी सरकार की जमकर तारीफ की है। पूरे मामले में पुलिसिया कार्रवाई से खान सर गदगद नजर आए हैं। सीएम सम्राट चौधरी की तारीफ में खान सर ने क्या कुछ कहा वो हम आपको आगे बताएंगे। उससे पहले आपको बता दें कि कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक मुसल्लहपुर में कोचिंग संचालित करने वाले शिक्षक बताए जा रहे हैं। इतना ही नहीं पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में चार लोगों पर नामजद तथा 15 अज्ञात पर प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

कहा जा रहा है कि ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी वहीं कोचिंग सेंटर है जिसपर खान सर ने इस हमले का आरोप लगाया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से लगातार गंभीरता से पूछताछ की जा रही है। यह भी कहा जा रहा है कि पुलिस उनसे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूछताछ कर रही है। बता दें कि दोनों ही कोचिंग सेंटर आसपास ही मौजूद हैं। दोनों ही कोचिंग सेंटर सिविल सर्विसेज और जीएस की पढ़ाई कराते हैं।

खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीच्यूट में काफी छात्र पढ़ने के लिए आते हैं। कहा जा रहा है कि यह हमला वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा है। यह लड़ाई काफी दिनों से चल रही थी। हालांकि, पुलिसिया जांच के बाद ही इस हमले की वजह स्पष्ट तौर से सामने आ पाएगी। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों को लेकर अभी तक पुलिस की तरफ से विशेष जानकारी नहीं दी गई है।
खान सर ने की सम्राट चौधरी और पुलिस की तारीफ

इधर मीडिया रिपोर्ट में यह कहा जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण के बाद अब खान सर का एक कथित ऑडियो भी वायरल हो रहा है। इस वायरल ऑडियो में वो सम्राट सरकार और पुलिस की तारीफ करते सुनाई दे रहे हैं। इस कथित ऑडियो में खान सर कहते हैं, ''रात में 3-4 बजे तक गिरफ्तारी कर के पुलिस रेडी हो गई। मान गए हम, मान गए भइया। हम बता रहे हैं कि जैसे फिल्म में पुलिस ऐक्शन लेती है ना...वैसे पुलिस ने ऐक्शन लिया है। बहुत तगड़ा ऐक्शन लिया है। हम सोच भी नहीं सकते। हम देख कर दंग रह गए कि यह हमारे देश की पुलिस है। आपको हम दिखाएंगे कि पूरे इलाके को पुलिस छावनी बना दिया गया। तुरंत पुलिस ने ऐक्शन लिया। पुलिस को 10 में 10 नंबर।

हमने यह बात सार्वजनिक तौर पर बोला है। हमलोगों को एक बात लगा था कि नीतीश जी को 30 सालों का अनुभव है जबकि सम्राट जी को अनुभव नहीं है। लेकिन मान गए। कभी व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे सम्राट चौधरी जी से और उनको धन्यवाद देंगे। ऊपर से फोन आया है तब ही पुलिस इतना दौड़ी है। हमारे घर पर रात में एसएसपी साहब आए थे। 1 बजे रात को सिटी एसपी, एसडीपीओ, डीएसपी और चार-चार थाने की पुलिस और गाड़ी आई थी। हमको फोटो भेज कर पहचान करवा रहे थे और सबको पकड़ रहे थे। शायद 3-4 को गिरफ्तार हुआ है।'