बिहार चुनाव का परिणाम आज सामने आने वाला है। इसके पहले आरजेडी के नेता मनोज झा ने जीत का दावा करते हुए सभी एग्जिट पोल्स को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यह सब केवल पूंजी और सत्ता का खेल है। झा ने जोर देकर कहा, मैं एग्जिट पोल पर विश्वास नहीं करता। दोपहर तक सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। तेजस्वी यादव की अगुवाई में बिहार बदलाव की ओर अग्रसर है। उन्होंने बिहार को उम्मीद और सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक बताया और कहा कि नतीजे आने तक स्थिति साफ हो जाएगी।
इसी बीच, समाजवादी नेता पप्पू यादव ने भी चुनाव में बदलाव की संभावना जताई। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी बिना झूठ और मनी पावर के चुनाव नहीं जीत सकती। पप्पू यादव ने कहा, लोग अब बदलाव चाहते हैं। एनडीए के खिलाफ जनता में गुस्सा साफ देखा जा सकता है। महिलाओं और युवाओं ने महागठबंधन के पक्ष में मतदान किया है। भाजपा ने कोशिश की कि नीतीश कुमार के बिना ही सरकार बनाई जाए, लेकिन जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर करने का संदेश दिया।
नीतीश कुमार ने पंडित नेहरू को दी श्रद्धांजलिनतीजों से पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को याद किया। नेहरू जी की जयंती के अवसर पर उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, भारत के प्रथम प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहर लाल नेहरू जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन।
नीतीश कुमार की सेहत को लेकर चुनाव प्रचार से पहले कई दावे किए गए थे कि वे ठीक नहीं हैं, लेकिन प्रचार के दौरान उन्होंने सक्रिय भागीदारी दिखाई। बारिश में भी वे खुली जीप में रोड शो करते नजर आए। इसके बावजूद तेजस्वी यादव और विपक्षी नेताओं ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर सवाल उठाए, लेकिन नीतीश ने अपने प्रदर्शन से सबको चौंका दिया।