सारण जिले के गड़खा थाना क्षेत्र के अलोनी गांव के पास मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। छपरा से गड़खा की ओर जा रही स्कार्पियो का पीछे वाला टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की मौत हो गई और सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में दो लोगों की जान गईमौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर निचला रोड निवासी गंगा सागर महतो के पुत्र अर्जुन महतो और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लोहरी गांव निवासी स्व. चुन्नीलाल मांझी के पुत्र पंकज कुमार के रूप में की गई। हादसे की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
सात लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्तीघायलों में नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर निचला रोड निवासी राजू कुमार, विपिन कुमार, जलेश्वर महतो, विमलेश कुमार, पर्वत, लगन कुमार, गुडू कुमार और सिवान जिले के दुरौंधा थाना क्षेत्र के धोनी कुमार शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
छठी समारोह में शामिल होने जा रहे थे लोगसूचना के अनुसार, सभी लोग गड़खा में आयोजित छठी समारोह में शामिल होने के लिए स्कार्पियो से जा रहे थे। अलोनी बाजार के पास अचानक टायर फटने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कार्पियो पलट गई।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परताहादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। उन्होंने गड़खा थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से छपरा सदर अस्पताल भेजवाया।
एनएच-722 पर यातायात बाधित, जांच में जुटी पुलिसहादसे के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-722 पर यातायात बाधित हो गया। पलटी हुई स्कार्पियो को हटाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने यातायात को सामान्य किया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।