हम ऐसे चुनाव में जीत नहीं पाए..., बिहार में करारी हार के बाद राहुल गांधी का पहला बयान

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भाजपा नेतृत्व वाली NDA से मिली करारी हार के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया जाहिर की। उन्होंने बिहार के उन करोड़ों मतदाताओं का धन्यवाद किया, जिन्होंने महागठबंधन पर विश्वास जताया। राहुल गांधी ने कहा कि बिहार का यह चुनाव परिणाम वाकई चौंकाने वाला है। उनका कहना था, “हम एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था।

राहुल गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों पर आश्चर्य जताते हुए महागठबंधन के सभी समर्थकों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने शुक्रवार, 14 नवंबर 2025 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए थी। कांग्रेस पार्टी और INDIA गठबंधन इस परिणाम का गंभीरता से विश्लेषण करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के अपने प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।

कांग्रेस के लिए बिहार में चुनौतिपूर्ण चुनाव

विपक्षी महागठबंधन का हिस्सा रही कांग्रेस पार्टी ने बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से 61 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। लेकिन भारतीय चुनाव आयोग (ECI) के मतगणना परिणामों के अनुसार, कांग्रेस केवल 6 सीटों पर ही सीमित रह गई।

कांग्रेस ने बिहार में वाल्मिकीनगर, चनपटिया, फोर्ब्सगंज, अररिया, किशनगंज और मनिहारी विधानसभा क्षेत्रों में जीत दर्ज की। फोर्ब्सगंज में कांग्रेस का जीत का अंतर मात्र 221 वोट रहा, जबकि चनपटिया में यह अंतर 602 वोटों का था। इन आंकड़ों से साफ है कि कई सीटों पर जीत और हार के बीच का फर्क बेहद कम था।