बिहार की राजनीति में आज बड़ा दिन माना जा रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार का बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में दोपहर 12:10 बजे आयोजित होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह में NDA गठबंधन के कुल 27 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। कार्यक्रम को लेकर राजधानी पटना में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शपथ ग्रहण से पहले भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंत्री बनाए जाने वाले संभावित नेताओं की सूची भी सामने आ गई है।
बीजेपी कोटे से इन नेताओं को मिल सकती है जिम्मेदारीसूत्रों के अनुसार भाजपा की तरफ से जिन नेताओं को मंत्री पद मिल सकता है, उनमें कई बड़े और अनुभवी चेहरे शामिल हैं। संभावित नामों में ई शैलेंद्र, संजय टाइगर, विजय सिन्हा, नीतीश मिश्रा, श्रेयसी सिंह, दिलीप जायसवाल, अरुण शंकर प्रसाद, प्रमोद चंद्रवंशी, लखेंद्र पासवान और मिथिलेश तिवारी का नाम प्रमुख रूप से लिया जा रहा है।
इन नामों को लेकर पार्टी के अंदर लंबे समय से मंथन चल रहा था और अब माना जा रहा है कि इनमें से अधिकांश नेता आज मंत्री पद की शपथ लेते नजर आ सकते हैं।
NDA में बराबरी के फॉर्मूले पर हुआ मंत्रिमंडल विस्तारबिहार में NDA सरकार के गठन के बाद से ही मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं जारी थीं। 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ केवल दो डिप्टी सीएम विजय चौधरी और विजेंद्र यादव ने ही शपथ ली थी। इसके बाद से कैबिनेट विस्तार की तैयारी चल रही थी।
जानकारी के अनुसार बीजेपी और जेडीयू के बीच मंत्री पदों का बंटवारा लगभग बराबरी के आधार पर किया गया है। चर्चा है कि भाजपा से 12, जेडीयू से 11, एलजेपी (रामविलास) से 2 और HAM तथा RLM से एक-एक विधायक मंत्री बनाए जा सकते हैं। वहीं कुछ पद फिलहाल खाली रखे जाने की संभावना भी जताई जा रही है। बिहार विधानसभा में विधायकों की संख्या के हिसाब से मुख्यमंत्री सहित कुल 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं।
शपथ ग्रहण में शामिल होंगे NDA के बड़े चेहरेआज होने वाले इस बड़े राजनीतिक आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत NDA के कई वरिष्ठ नेता शामिल होने वाले हैं। समारोह को भव्य बनाने के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
शपथ ग्रहण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक एक मेगा रोड शो भी प्रस्तावित है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
अमित शाह ने पटना पहुंचकर की अहम बैठकेंबुधवार शाम केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पटना पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद वह सीधे एक होटल पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा और NDA के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। बताया जा रहा है कि इन बैठकों में मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा हुई।
पटना पहुंचने के बाद अमित शाह ने राजबंसी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर में दर्शन भी किए। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वह रातभर पटना में ही रुके।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन भी पहुंचे पटनाआज के समारोह में शामिल होने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी पटना पहुंच चुके हैं। गौरतलब है कि दिसंबर में पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पहले वह बिहार सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। ऐसे में उनका इस समारोह में शामिल होना राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।