आंध्र प्रदेश में भयानक सड़क हादसा, ट्रक से टकराई बस, 12 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 20 गंभीर रूप से घायल

आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम के पास गुरुवार की सुबह एक भयानक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक निजी ट्रेवल बस ट्रक से टकराने के बाद आग की लपटों में घिर गई। इस हादसे में कम से कम 12 यात्रियों की मौत हो गई और 20 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह लगभग 5:45 बजे हुई।

ट्रक से टक्कर के बाद लगी भीषण आग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह निजी ट्रेवल बस तेलंगाना के जगित्याल/निर्मल से आंध्र प्रदेश के कालिगिरी/नेल्लोर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रेयावरम के पास बस की आमने-सामने एक तेज रफ्तार टिपर लॉरी/ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई, जिससे कई यात्री अंदर ही फंस गए और जलकर अपनी जान गंवा बैठे।
हादसे के बाद लगभग 20 यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सभी घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और जिला प्रशासन की टीम भी पहुंच गई और हादसे की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक


आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों से बात कर स्थिति की समीक्षा की और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि घायल यात्रियों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई और हादसे के कारणों की गहन जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए।

मंत्रियों और प्रशासन की प्रतिक्रिया

आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने भी इस हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों का जलकर मारे जाना अत्यंत पीड़ादायक है और घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।