HBD : युवराज सिंह को विराट कोहली ने स्पेशल स्टाइल में किया विश, इन क्रिकेटर्स ने भी दी शुभकामनाएं

भारतीय टीम के बाएं हाथ के पूर्व स्टार हरफनमौला युवराज सिंह रविवार (12 दिसंबर) को 40 साल के हो गए हैं। इस मौके पर युवराज को भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली सहित कई क्रिकेटर्स, खिलाड़ियों व फैंस ने विश किया है। कोहली ने उन्हें एक अलग ही अंदाज में बधाई दी। 33 वर्षीय कोहली ने एक वीडियो संदेश शेयर किया है। कोहली ने कहा कि हम दोनों ही पंजाबी हैं। हमें खाने और पहनने से लेकर लगभग हर चीज एक जैसी ही पसंद है। मैं अंडर-19 वर्ल्ड कप खेलकर टीम इंडिया में आया था।

उन्होंने मेरा बहुत ही अच्छे से स्वागत किया और मुझे कम्फर्टेबल महसूस कराया। उन्होंने मेरे साथ काफी मजाक मस्ती भी शुरू कर दी थी। हम खाने में भी लगभग एक जैसी ही चीजें पसंद करते थे। हम दोनों पंजाबी गाने पसंद करते हैं। अच्छे कपड़े, जूते और बाकी चीजें भी अच्छी ही पसंद करते हैं। हमारे बीच काफी चीजें कॉमन हैं। हम बाहर घूमने जाया करते थे और साथ में कुछ शॉपिंग भी किया करते थे। मेरा मतलब ग्रुप में जाते थे। मुझे याद है कि हम एक बार दांबुला में थे। मैच से पहले कुछ छुट्टियों का समय था।

वे सुबह 3 या 3.30 बजे उठते और हम साथ में कोलंबो साइकिल से जाया करते थे। मुझे अच्छी तरह याद है हम सब हंसते-हंसते गिर जाया करते थे, क्योंकि यह बहुत ही अजीब और चौंकाने वाली बात थी। युवराज ने वर्ष 2019 में खेल के हर फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने 40 टेस्ट, 304 वनडे और 58 टी20 में मिलाकर 11000 से ज्यादा रन बनाए। वे 2007 टी20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थे।


जानें सचिन, गंभीर और सानिया ने युवराज को कैसे दी बधाई

सचिन तेंदुलकर ने ट्विटर पर लिखा, जन्मदिन मुबारक हो युवी। मैदान पर और बाहर आपके साथ हमने कुछ सबसे यादगार पल बिताए हैं। ऐसे कई और पलों का इंतजार हैं.. भविष्य के लिए एक महान खिलाड़ी को शुभकामनाएं। बीसीसीआई ने ट्वीट किया, 402 अंतरराष्ट्रीय मैच 11778 रन और 148 विकेट। 2007 विश्व टी20 और 2011 विश्व कप विजेता को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। गौतम गंभीर ने लिखा, आप हर चीज को आसान बनाते हैं युवराज चाहे वह मैदान पर हो या कहीं ओर! भगवान आपको लंबा और स्वस्थ जीवन दे।

आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स ने भी युवी को जन्मदिन की बधाई दी। भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने इंस्टाग्राम स्टोरी में युवराज के साथ एक तस्वीर शेयर की है। इसमें सानिया बेटे इजहान को गोद में लिए हैं और युवराज उनके साथ चलते नजर आ रहे हैं। सानिया ने लिखा-हैप्पी बर्थडे मोटू। 18 साल की दोस्ती के बाद भी जब तुम बोलते हो तो मेरे चेहरे पर वो ही कंफ्यूजन वाले एक्सप्रेशन होते हैं। आपका ये जन्मदिन बेहद शानदार रहे।