रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अब नई उचाइयों की ओर बढ़ रही है। आईपीएल 2026 से पहले आदित्य बिड़ला समूह, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप और बोल्ट वेंचर्स के कंसोर्टियम ने मिलकर RCB को खरीद लिया है। इस ऐतिहासिक डील की कुल कीमत लगभग 16,500 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वहीं, 2008 में इस फ्रेंचाइजी को विजय माल्या ने 450 करोड़ रुपये में खरीदा था।
विजय माल्या ने सोशल मीडिया पर इस बिक्री पर प्रतिक्रिया देते हुए अपने पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने लिखा कि उस समय लोगों ने उनके इस कदम का मजाक उड़ाया और इसे केवल एक वैनिटी प्रोजेक्ट कहा। उन्होंने अपने पोस्ट में विराट कोहली का जिक्र भी किया, जिनकी वजह से आज RCB के फैंस हर कोने में हैं।
विजय माल्या ने नए मालिकों को दी बधाईमाल्या ने अपने पोस्ट में लिखा, मैं RCB के नए मालिकों को तहे दिल से बधाई देना चाहता हूं। मैं उन्हें इस सबसे कीमती IPL फ्रेंचाइजी के लिए शुभकामनाएं देता हूं और भगवान से उनकी सफलता की कामना करता हूं। जब मैंने 2008 में इस टीम को 450 करोड़ रुपये में खरीदा था, तो ज्यादातर लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया और इसे सिर्फ दिखावा बताया। मेरे इस निवेश के पीछे रॉयल चैलेंज ब्रांड को खड़ा करने का मकसद था।
उन्होंने आगे कहा, आज देख कर खुशी होती है कि मेरा 450 करोड़ रुपये का निवेश बढ़कर 16,500 करोड़ रुपये हो गया है। यह साबित करता है कि दूरदर्शिता और धैर्य के साथ किया गया निर्णय समय के साथ कितना मूल्यवान बन सकता है।
विराट कोहली का योगदान याद किया
विजय माल्या ने इस अवसर पर विराट कोहली का विशेष जिक्र भी किया। उन्होंने कहा, RCB हमेशा मेरे DNA का हिस्सा रहेगी। मुझे युवा विराट कोहली को टीम में शामिल करने की याद है, जो आज दुनिया के सबसे शानदार बल्लेबाजों में से एक बन चुके हैं।
उन्होंने टीम के फैंस को भी याद किया और लिखा, RCB के सभी समर्थकों का मैं तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने मेरे कार्यकाल में और उसके बाद भी टीम को हमेशा सपोर्ट किया। मैं सभी फैंस से अनुरोध करता हूं कि इस टीम के प्रति अपना प्यार और समर्थन बनाए रखें।
विजय माल्या का निवेश और RCB का सफरविजय माल्या के लिए RCB सिर्फ एक फ्रेंचाइजी नहीं थी, बल्कि क्रिकेट और ब्रांड निर्माण का एक सपना था। 450 करोड़ रुपये के निवेश ने अब 16,500 करोड़ रुपये का मूल्य प्राप्त कर लिया है। युवा खिलाड़ियों को मौका देने और टीम की पहचान बनाने में यह फ्रेंचाइजी भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अपनी खास जगह बनाए हुए है।