आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी लगातार अपने खेल के साथ-साथ अपने अनोखे अंदाज की वजह से भी चर्चा में बने हुए हैं। मंगलवार को खेले गए आईपीएल 2026 के 64वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत कर लिया। इस जीत के बाद जहां वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी सुर्खियों में रही, वहीं मैदान पर उनका अलग अंदाज वाला सेलिब्रेशन भी फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया।
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के बाद जब वैभव से उनके सेलिब्रेशन को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बेहद मासूम और बेबाक अंदाज में जवाब दिया। उनका जवाब सुनकर फैंस और क्रिकेट प्रेमी दोनों ही उनकी सादगी के दीवाने हो गए।
“मैं बस हर मैच में कुछ नया कर देता हूं”
मैच के बाद बातचीत के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने कहा, “सर, सच कहूं तो मुझे खुद नहीं पता कि मैं ऐसा क्यों करता हूं। मैं हर मैच में कुछ नया करने की कोशिश करता हूं। मैं पहले से कोई प्लानिंग नहीं करता और न ही उसके पीछे कोई खास वजह होती है। पिछले मैच में जो सेलिब्रेशन किया था, उसका भी कोई मतलब नहीं था। बस मैदान पर जो मन में आता है, वही कर देता हूं।”
15 साल की उम्र में जिस तरह वैभव मैदान पर आत्मविश्वास और सहजता दिखा रहे हैं, उसने फैंस को काफी प्रभावित किया है। क्रिकेट विशेषज्ञ भी उनकी मानसिकता और बेफिक्र अंदाज की तारीफ कर रहे हैं।
टीम का पूरा फोकस सिर्फ जीत परराजस्थान रॉयल्स के लिए अब हर मुकाबला बेहद अहम हो चुका है। टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपना आखिरी लीग मैच जीतना जरूरी है। ऐसे में टीम के माहौल और अपने माइंडसेट को लेकर भी वैभव ने खुलकर बात की।
उन्होंने कहा, “हमारा पूरा ध्यान सिर्फ इस बात पर है कि हम मैच को एन्जॉय करें। अगले मुकाबले में भी हमें मैदान के बाहर की चीजों के बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए। हर खिलाड़ी को सिर्फ अपने गेम पर फोकस रखना चाहिए और उसी तरह मजे लेकर खेलना चाहिए, जैसे हम पूरे सीजन खेलते आए हैं।”
उतार-चढ़ाव के बीच भी नहीं बदला टीम का लक्ष्यइस सीजन राजस्थान रॉयल्स का सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। टीम ने कई करीबी मुकाबले गंवाए, लेकिन अब भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। वैभव का कहना है कि टीम का लक्ष्य शुरुआत से सिर्फ अच्छा क्रिकेट खेलना रहा है।
उन्होंने कहा, “टूर्नामेंट में काफी उतार-चढ़ाव आए हैं, लेकिन हमारा मकसद हमेशा से अच्छा क्रिकेट खेलना और मैच जीतना रहा है। हम उसी सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं।”
लखनऊ ने खड़ा किया था 220 रन का विशाल स्कोरइस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए थे। टीम की शुरुआत शानदार रही और मिचेल मार्श ने जोश इंग्लिस के साथ पहले विकेट के लिए 109 रन की बड़ी साझेदारी की।
जोश इंग्लिस ने 29 गेंदों में 60 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इसके बाद मिचेल मार्श ने निकोलस पूरन और कप्तान ऋषभ पंत के साथ अहम साझेदारियां निभाईं। मार्श अपने शतक से सिर्फ 4 रन दूर रह गए और 57 गेंदों में 96 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
ऋषभ पंत ने भी 23 गेंदों में 35 रन का योगदान दिया। राजस्थान की ओर से यशराज ने सबसे सफल गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल किए, जबकि जोफ्रा आर्चर को 1 सफलता मिली।
वैभव और जुरेल ने पलट दिया मैच221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 39 गेंदों में 75 रन जोड़े। जायसवाल 43 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद वैभव ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर मैच को पूरी तरह राजस्थान की तरफ मोड़ दिया।
दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी की। वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और 7 चौके शामिल रहे।
उनके आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदारी संभाली और 53 रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं डोनोवन फरेरा ने भी अंत में 16 रन की तेज पारी खेलकर टीम को 19.1 ओवर में जीत दिला दी।
लखनऊ की ओर से आकाश महाराज सिंह और मोहसिन खान को एक-एक विकेट मिला, लेकिन राजस्थान के बल्लेबाजों के सामने उनकी गेंदबाजी बेअसर नजर आई।