इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें संस्करण में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरने वाले खिलाड़ियों में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी लगातार चर्चा में बने हुए हैं। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले वैभव ने अब फील्डिंग के जरिए भी बड़ा इतिहास रच दिया है। हालांकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वह बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और मात्र 4 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद मैदान पर उनकी फील्डिंग ने मैच की दिशा बदल दी और उन्हें रिकॉर्ड बुक में जगह दिला दी।
फील्डिंग में बना इतिहास, IPL में सबसे कम उम्र में कैच का रिकॉर्डराजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रनों से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। इस मैच में वैभव सूर्यवंशी को शुरुआती तौर पर इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा गया था, लेकिन रणनीति में बदलाव के चलते उन्हें फील्डिंग का मौका मिल गया।
मुंबई इंडियंस की पारी के दौरान चौथे ओवर की दूसरी गेंद, जिसे नांद्रे बर्गर ने फेंका था, उस पर रायन रिकेल्टन ने शॉट खेला और गेंद मिडविकेट की दिशा में गई। वहां तैनात वैभव सूर्यवंशी ने शानदार फुर्ती दिखाते हुए कैच लपक लिया।
इस एक कैच के साथ ही वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में कैच पकड़ने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 8 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो पहले अफगानिस्तान के स्पिनर मुजीब उर रहमान के नाम था। मुजीब ने 2018 में 17 साल 16 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।
IPL में सबसे कम उम्र के बेहतरीन फील्डर्स की सूची
वैभव सूर्यवंशी – 15 साल 58 दिन (IPL 2026, बनाम मुंबई इंडियंस)
मुजीब उर रहमान – 17 साल 16 दिन (IPL 2018, बनाम RCB)
रियान पराग – 17 साल 163 दिन (IPL 2019, बनाम दिल्ली कैपिटल्स)
प्रदीप सांगवान – 17 साल 181 दिन (IPL 2008, बनाम मुंबई इंडियंस)
वाशिंगटन सुंदर – 17 साल 201 दिन (IPL 2017, बनाम मुंबई इंडियंस)
अब क्रिस गेल का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी निशाने परवैभव सूर्यवंशी के पास सिर्फ फील्डिंग ही नहीं, बल्कि बल्लेबाजी के जरिए भी इतिहास रचने का सुनहरा मौका मौजूद है। राजस्थान रॉयल्स के एलिमिनेटर में पहुंचने के साथ ही उनके पास एक और बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का अवसर है।
आईपीएल 2026 में अब तक वैभव 53 छक्के लगा चुके हैं, जबकि एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 2012 में 59 छक्के लगाए थे। यानी अगर वैभव सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मुकाबले में 7 छक्के और लगाने में सफल रहते हैं, तो वह यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।
राजस्थान रॉयल्स का एलिमिनेटर मुकाबला 27 मई को मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां सभी की नजरें एक बार फिर इस युवा खिलाड़ी पर टिकी होंगी।