Tokyo Olympics: Wimbledon-2021 का खिताब जीतने वाली विश्व की नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी एश्ले बार्टी हुईं उलटफेर का शिकार, स्पेन की खिलाड़ी ने पहले दौर में दी मात

दुनिया की नंबर-1 महिला टेनिस खिलाड़ी एश्ले बार्टी टोक्यो ओलिंपिक (Tokyo Olympic) में बड़े उलटफेर का शिकार हो गई हैं। वर्ल्ड नंबर- 48 स्पेन की एस सोरबेस टोरमो ने हाल ही विंबलडन का खिताब जीतने वाली विश्व की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी एश्ले बार्टी को पहले दौर में सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से मात दी।

विंबलडन-2021 का जीता था खिताब

विंबलडन-2021 में एश्ले बार्टी ने फाइनल में चेक गणराज्य की कैरोलिना प्लिस्कोवा को शिकस्त दी थी। ये बार्टी का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब था। दोनों ही खिलाड़ी पहली बार विंबलडन के फाइनल में उतरी थीं और टक्कर भी जोरदार हुई। उन्होंने 2019 की फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था।

बार्टी ने जिस अंदाज में इस साल विंबलडन का खिताब जीता था उसे देखकर उनसे टोक्यो में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। बार्टी को पदक के दावेदार के रूप में भी देखा जा रहा था लेकिन वह पहले दौर से ही आगे नहीं जा सकीं। स्पेन की खिलाड़ी के सामने वह अपने शीर्ष स्तर का खेल नहीं खेल सकीं।