ओलंपिक किट में डांस कर सानिया मिर्जा ने मचाई धूम, बताया A का मतलब, वीडियो हुआ वायरल

भारतीय महिला टेनिस स्टार सानिया मिर्जा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम पर शेयर इस वीडियो में सानिया ने ओलंपिक की किट पहनकर डांस किया, जो फैंस को बेहद पसंद आ रहा है। इसका जबरदस्त क्रेज है जो इस बात से साबित होता है कि वीडियो को अब तक 12 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। 1.16 लाख से ज्यादा यूजर्स ने इसे लाइक किया है। सानिया टेनिस के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट माने जाने वाले ग्रैंडस्लैम में अपनी धमक दिखा चुकी हैं। वे 6 ग्रैंडस्लैम जीत चुकी हैं और 23 जुलाई से शुरू हो रहे टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने को तैयार हैं।

इस रैपर के गाने पर थिरकीं सानिया, इन्होंने की तारीफ

सानिया वीडियो में अमेरिकन रैपर डोजा कैट के किस मी मोर गाने पर थिरक रही हैं। इसमें सानिया ने बताया है कि उनके नाम में जो A है उसका क्या मतलब है। यही बात उन्होंने वीडियो के कैप्शन में भी लिखी है। सानिया ने बताया कि उनके नाम में शामिल A का अर्थ है - एग्रेशन (आक्रामक), एंबिशन (महत्वाकांक्षी), अचीव (जीत) और अफेक्शन (स्नेह)। बिजनेसमैन कुमार मंगलम बिड़ला की बेटी अनन्या ने भी वीडियो की तारीफ की है। उन्होंने लिखा कि मुझे डांस मूव्स पसंद आए। आपको बधाई।

ओलंपिक विलेज में फहराया गया तिरंगा

ओलंपिक खेलों का खेलगांव भारतीय खिलाड़ियों के स्वागत के लिए तैयार है। 228 सदस्यों वाला भारतीय दल यहां खेलगांव में टावर नंबर 15 में रहेगा। ओलंपिक विलेज में तिरंगा फहरा दिया गया है। भारतीय दल को कुल मिलाकर 182 कमरे दिए गए हैं जिनमें कुछ डबल और कुछ सिंगल हैं। कोविड-19 के प्रोटोकॉल के तहत सभी खिलाड़ी एक साथ टोक्यो नहीं जाएंगे। निशानेबाजी के खिलाड़ी पहले और पहलवान आखिरी दौर में जाएंगे। 90 भारतीय खिलाड़ियों और अधिकारियों का पहला दल शुक्रवार को टोक्यो पहुंचेगा। आपको बता दें कि भारत 18 खेलों में अपनी दावेदारी पेश करेगा। ओलंपिक में दुनिया के 204 देशों के खिलाड़ी शामिल होंगे। भारत में सोनी नेटवर्क पर सभी खेलों का सीधा प्रसारण होगा।