संन्यास लेने के 9 माह बाद देश के लिए फिर खेलते नजर आएगा यह 40 वर्षीय खिलाड़ी

हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करे। देश का प्रतिनिधित्व करने की खुशी किसी भी खिलाड़ी के लिए किसी अन्य खुशी से बढ़कर होती है। लेकिन, भारत के दिग्गज खिलाड़ी ने देश के लिए खेलने का ऐसा जज्बा दिखाया है कि उन्होंने 40 की उम्र में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए संन्यास से वापसी कर ली है।

संन्यास से वापस आए सुनील छेत्री

भारत के रिकॉर्ड गोल स्कोरर और शानदार स्ट्राइकर सुनील छेत्री रिटायरमेंट से वापस आ गए हैं और मार्च में फीफा की अंतरराष्ट्रीय विंडो के दौरान भारतीय टीम में शामिल होंगे। वह 19 मार्च को मालदीव के खिलाफ एक दोस्ताना मैच के लिए भारतीय टीम का हिस्सा होंगे और फिर एशिया कप 2027 के तीसरे दौर के क्वालीफायर में उनका सामना बांग्लादेश से होगा। इससे पहले, 40 वर्षीय खिलाड़ी ने 6 जून 2024 को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया था।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने अपने 'एक्स' हैंडल पर छेत्री की मैदान पर वापसी के बारे में घोषणा की। भारत के कोच मनोलो मर्केज ने खुलासा किया कि उन्होंने छेत्री से वापसी करने के लिए कहा क्योंकि वह आगामी एशियाई कप 2027 क्वालीफिकेशन के लिए टीम को मजबूत करना चाहते थे।

उन्होंने कहा, 'एशियन कप के लिए क्वालीफिकेशन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। टूर्नामेंट और आगे के मैचों के महत्व को देखते हुए, मैंने सुनील छेत्री से नेशनल टीम को मजबूत करने के लिए वापसी करने के बारे में चर्चा की। वह सहमत हो गए, और इसलिए हमने उन्हें टीम में शामिल किया है'।

6 जून 2024 को किया का संन्यास का ऐलान

बता दें कि, भारतीय फुटबॉल स्टार ने राष्ट्रीय टीम में 19 साल बिताने के बाद 6 जून, 2024 अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहने का फैसला किया था। उन्होंने घोषणा की थी कि वह फीफा विश्व कप क्वालीफायर में कुवैत के खिलाफ मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र से संन्यास ले लेंगे।

तीसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं छेत्री

छेत्री भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण क्षणों में आगे बढ़ने और अक्सर गेंद को नेट के पीछे मारने के लिए जाने जाते हैं। 94 गोल के साथ, वह क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में एक्टिव प्लेयर्स में तीसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं।

बता दें कि, छेत्री ने भले ही अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया था, लेकिन उन्होंने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में बेंगलुरु एफसी के लिए खेलना जारी रखा। उन्होंने 2024-25 सीजन में अब तक 12 गोल किए हैं और 2 असिस्ट दर्ज किए हैं।