SRH vs RCB मैच में काव्या मारन का रिएक्शन वायरल, क्रुणाल पांड्या की गेंदबाजी एक्शन पर उठाए सवाल

आईपीएल 2026 के लीग चरण में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने अपना अभियान 18 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर खत्म किया। 22 मई को अपने घरेलू मैदान पर खेले गए मुकाबले में हैदराबाद ने मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 55 रनों से हराया, हालांकि इस जीत के बावजूद टीम टॉप-2 में जगह बनाने से चूक गई। मैच के दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें SRH की मालकिन काव्या मारन क्रुणाल पांड्या की गेंदबाजी एक्शन को लेकर असंतोष जताती नजर आ रही हैं और स्टैंड्स में बैठे लोगों से इस बारे में सवाल करती दिखती हैं।

काव्या मारन ने इशारों में उठाया सवाल, एक्शन देखकर दिखीं हैरान

RCB के खिलाफ इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था और टीम ने 20 ओवर में 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसी मैच के दौरान RCB की ओर से गेंदबाजी कर रहे ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने एक तेज गति की बाउंसर फेंकी, जिसे देखकर स्टैंड में मौजूद काव्या मारन का रिएक्शन चर्चा का विषय बन गया।

वीडियो में देखा जा सकता है कि वह गेंदबाजी एक्शन को गौर से देखने के बाद अपने आसपास बैठे लोगों की ओर इशारा करते हुए सवाल करती हैं। काव्या मारन ने क्रुणाल पांड्या के एक्शन की नकल भी की और इशारों में पूछा कि क्या यह ‘चकिंग’ के दायरे में आता है। इस दौरान वह कुछ पल के लिए हैरान और असहज भी नजर आईं और फिर सिर हिलाकर अपनी प्रतिक्रिया देती दिखीं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
प्लेऑफ की तैयारी में SRH, एलिमिनेटर मुकाबले पर नजरें

आईपीएल 2026 प्लेऑफ की स्थिति अब धीरे-धीरे साफ हो रही है। अब तक तीन टीमों की जगह पक्की हो चुकी है, जबकि 26 मई को क्वालीफायर-1 मुकाबला धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा।

वहीं सनराइजर्स हैदराबाद 27 मई को मुल्लांपुर में एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी। हालांकि उनका सामना किस टीम से होगा, यह अभी तय नहीं हुआ है क्योंकि प्लेऑफ की रेस में चार टीमें बनी हुई हैं।

इस सीजन SRH की सफलता में ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई है, जिनके प्रदर्शन की बदौलत टीम ने प्लेऑफ तक का सफर तय किया है।