सौरव गांगुली के बाद उनकी बेटी सना भी हुई कोरोना संक्रमित, खुद को किया आइसोलेट

सौरव गांगुली के बाद उनके परिवार के 4 सदस्य भी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। जिसके बाद सही सदस्यों को घर के अंदर ही आइसोलेट किया गया है। बता दे, कुछ दिन पहले सौरव गांगुली भी कोरोना से संक्रमित हुए थे और अस्पताल में भी भर्ती रहे थे। गांगुली के भाई देवाशीष गांगुली, बेटी सना गांगुली, सुवरोदीप गांगुली और जैस्मिन गांगुली कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं।

गांगुली कोरोना से ठीक हो चुके हैं और वो अपने घर में ही हैं। वहीं उनकी बेटी सना भी कोरोना से संक्रमित हो चुकी हैं। मिली जानकारी के अनुसार सना के अंदर कोरोना के सामान्य लक्षण भी हैं। इससे एक सप्ताह पहले सना गांगुली और उनकी मां का कोरोना टेस्ट किया गया था और दोनों की रिपोर्ट में निगेटिव आई थी। गांगुली की पत्नी डोना गांगुली ने मीडिया से बात करके सौरव के बारे में जानकारी भी दी थी। उन्होंने बताया था कि गांगुली ठीक हैं और तेजी से रिकवर कर रहे हैं।

सौरव गांगुली कोरोना पॉजिटिव आने के बाद कोलकाता के वुडलैंड अस्पताल में भर्ती हुए थे। यहां चार दिन तक इलाज चलने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी और वो अपने घर में आइसोलेट थे। यहां भी डॉक्टर उनकी देखरेख कर रहे थे। सौरव गांगुली इससे पहले भी कुछ वक्त के लिए अस्पताल पहुंचे थे, जब उनको हार्ट की समस्या हुई थी। अब उनके परिवार में चार सदस्य कोरोना से संक्रमित हुए हैं। इन लोगों में संक्रमण कहां से फैला इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

आपको बता दें कि सना गांगुली अभी ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ रही हैं, लेकिन कोरोना काल के कारण वह कोलकाता में हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई कोलकाता के ही स्कूल से की है। सना गांगुली भी अपनी मां डोना गांगुली की तरह एक ट्रेंड डांसर हैं।