लॉर्ड्स में मिली हार से टूटे शुभमन गिल, ड्रेसिंग रूम में रोते दिखे कप्तान, वायरल हुआ वीडियो

भारतीय क्रिकेट टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल, जिन्होंने एजबेस्टन टेस्ट में बेहतरीन जीत के बाद जश्न मनाया था, लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड के हाथों मिली करीबी हार के बाद भावुक नजर आए। एजबेस्टन की ऐतिहासिक जीत के बाद उत्साह से लबरेज़ गिल, लॉर्ड्स के मैदान में भी उसी जोश के साथ उतरे थे, जहां उनकी टीम ने भी लगभग मैच जीत ही लिया था। लेकिन, दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजी के धराशायी होते ही इंग्लैंड ने 22 रनों से यह रोमांचक मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस हार का असर कप्तान गिल पर साफ नजर आया।

सोशल मीडिया पर सामने आया एक वीडियो इस बात की गवाही दे रहा है। वीडियो में शुभमन गिल ड्रेसिंग रूम में बेहद निराश नजर आ रहे हैं। जैसे ही कैमरा उनकी ओर घूमता है, वह अपने एक हाथ से चेहरा ढके हुए दिखते हैं और बार-बार अपनी आंखें पोंछते हुए दिखाई देते हैं, जिससे ऐसा लग रहा है कि शायद वे रो रहे थे। उनके पास बैठे कोच गौतम गंभीर किसी अन्य सदस्य से बातचीत में व्यस्त दिख रहे हैं, लेकिन शुभमन का चेहरा उस निराशा को बयां कर रहा था, जिसे शब्दों में पिरोना आसान नहीं।

बल्लेबाजी में फ्लॉप रहे गिल, टीम इंडिया को झेलनी पड़ी हार

लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 387 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम ने भी पहली पारी में 387 रन ही बनाए, जिससे मुकाबला पूरी तरह बराबरी पर था। इसके बाद, भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को दूसरी पारी में 192 रन पर समेट दिया। लेकिन, जब जीत की उम्मीद जग रही थी, तभी भारतीय बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में बेहद निराशाजनक खेल दिखाया और पूरी टीम महज 170 रनों पर सिमट गई।

रवींद्र जडेजा अंत तक संघर्ष करते रहे और नाबाद 61 रन बनाए, लेकिन यह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं था। दूसरी ओर, शुभमन गिल दोनों पारियों में कुछ खास नहीं कर पाए, और बतौर कप्तान यह फ्लॉप प्रदर्शन उन्हें काफी खल गया। शायद यही वजह रही कि हार के बाद उनका दर्द छलक उठा और भावनाएं काबू से बाहर हो गईं।