
भारतीय बल्लेबाज और कप्तान श्रेयस अय्यर की किस्मत इन दिनों उनका साथ नहीं दे रही है। महज दो हफ्तों के भीतर वह लगातार दो फाइनल हार चुके हैं। पहले IPL 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को बतौर कप्तान हार झेलनी पड़ी और अब T20 मुंबई 2025 के निर्णायक मुकाबले में भी उनकी टीम सोबो मुंबई फाल्कन्स चैंपियन बनने से चूक गई।
वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली सोबो मुंबई फाल्कन्स को मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स ने 5 विकेट से हरा दिया। मराठा रॉयल्स के कप्तान सिद्धेश लाड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए फाल्कन्स की शुरुआत लड़खड़ाती रही और पावरप्ले में ही उन्होंने अपने दो अहम विकेट 33 रन पर गंवा दिए।
ओपनर अंगकृष रघुवंशी और इशान मूलचंदानी जल्दी पवेलियन लौट गए। भटकल भी टिक नहीं सके। कप्तान अय्यर ने पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन वो भी 12 रन बनाकर चलते बने। मयूरेश टंडेल और हर्ष अघव ने पारी को संभाला और टीम को 157 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
मराठा रॉयल्स ने हासिल किया खिताब158 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मराठा रॉयल्स की शुरुआत भी साधारण रही, लेकिन चिन्मय सुतार ने 53 रनों की धमाकेदार पारी खेली। अवैस खान नौशाद ने भी 38 रनों का योगदान दिया। टीम ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और T20 मुंबई 2025 की विजेता बन गई।
कप्तान अय्यर का टूटा सपनाIPL 2025 में पंजाब किंग्स के कप्तान के रूप में RCB से फाइनल हारने के बाद अय्यर को T20 मुंबई में भी ट्रॉफी से हाथ धोना पड़ा। दोनों ही फाइनल मुकाबलों में वह खुद बल्ले से प्रभाव नहीं छोड़ सके। इस तरह दो हफ्तों में दो बार खिताब के करीब आकर उनका सपना टूट गया, जिससे उनकी कप्तानी और फॉर्म दोनों पर सवाल उठने लगे हैं।
श्रेयस अय्यर के लिए यह समय बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। दो बड़े टूर्नामेंटों के फाइनल में मिली हार उनके आत्मविश्वास को प्रभावित कर सकती है। हालांकि, क्रिकेट की यही खूबसूरती है कि अगला मौका फिर नई कहानी लिखने का अवसर देता है। अब देखना होगा कि अय्यर इस निराशा से कैसे उबरते हैं।