सौरव गांगुली के भाई-भाभी के साथ समुद्र में बड़ा हादसा, उफनती लहरों ने पलटी नाव, मुश्किल से बची जान

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली और उनकी भाभी अर्पिता एक गंभीर हादसे का शिकार हो गए। यह खौफनाक घटना ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर हुई, जहां तेज और उफनती समुद्री लहरों ने उनकी नाव को पलट दिया। सौभाग्य से, इस हादसे में उनकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कुछ मछुआरे और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और समय रहते उनकी मदद कर दी, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी।

नाव पर मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बचाया गया

इस नाव में कुल 4 टूरिस्ट सवार थे, जिनमें दो सौरव गांगुली के भाई और भाभी थे। जब स्पीडबोट तेज लहरों की चपेट में आई और असंतुलित होकर पलट गई, तब नाव में सवार सभी चारों पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। यह हादसा शनिवार की शाम को पुरी में लाइटहाउस के नजदीक घटा। जब नाव तेज लहरों से टकराई, तो उसका संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और वह पलट गई। अर्पिता गांगुली ने घटना के बाद कहा, ये भगवान की कृपा है कि हम सभी सुरक्षित हैं। मैं अभी भी सदमे में हूं। ऐसा नहीं होना चाहिए था। समुद्री जल खेलों को सुरक्षित और नियमानुसार संचालित किया जाना बेहद ज़रूरी है। मैं कोलकाता लौटने के बाद पुरी के एसपी और ओडिशा के मुख्यमंत्री को इस घटना के बारे में पत्र लिखूंगी।

बंगाल के लिए खेल चुके हैं स्नेहाश

बंगाल के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अध्यक्ष स्नेहाश गांगुली रणजी ट्रॉफी में बंगाल के लिए 59 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 2534 रन बनाए और दो विकेट लिए हैं।