दिग्गज भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी और ओलंपिक मेडलिस्ट साइना नेहवाल ने अपने निजी जीवन को लेकर एक ऐसा फैसला लिया है जिसने देशभर के फैंस को भावुक कर दिया। खेल की दुनिया की इस सफल जोड़ी ने अब अपने रास्ते अलग करने का ऐलान कर दिया है। पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 बैडमिंटन खिलाड़ी साइना और उनके पति, भारत के पूर्व टॉप रैंकिंग बैडमिंटन खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप, अब एक साथ नहीं रहेंगे।
इस खबर ने बैडमिंटन प्रेमियों को चौंका दिया है, क्योंकि इस जोड़ी की बॉन्डिंग और साथ की तस्वीरें हमेशा प्रेरणादायक रही हैं। साइना ने यह जानकारी 13 जुलाई की रात अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के ज़रिए साझा की और इसे पढ़ते ही लाखों दिलों की धड़कनें थम-सी गईं।
हम सुकून चुन रहे हैंः साइना का भावुक पोस्ट35 साल की साइना ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, जिंदगी कभी-कभी हमें अलग दिशाओं में ले जाती है। काफी सोचने और समझने के बाद कश्यप और मैंने अलग होने का निर्णय लिया है। हम दोनों अपने और एक-दूसरे के लिए सुकून, तरक्की और राहत का रास्ता चुन रहे हैं।
साइना के इस बयान ने यह साफ किया कि यह फैसला किसी गुस्से या टकराव का नहीं, बल्कि एक समझदारी और सम्मान से भरा निर्णय है। उन्होंने आगे लिखा, मैं इन यादों के लिए हमेशा आभारी रहूंगी और आगे बढ़ते हुए सिर्फ अच्छे की कामना करती हूं। इस वक्त हमारी निजता का सम्मान करने के लिए धन्यवाद।
फैंस के लिए यह पढ़ना बेहद भावुक करने वाला रहा, क्योंकि उनकी जोड़ी लंबे समय से इंडियन बैडमिंटन सीन की सबसे मजबूत जोड़ियों में मानी जाती थी।
2018 में हुई थी शादी38 साल के पारुपल्ली कश्यप और साइना नेहवाल ने 2018 में शादी रचाई थी। इस शादी की खास बात यह थी कि उन्होंने लंबे रिलेशनशिप के बाद भी अपने रिश्ते को काफी निजी रखा और मीडिया से दूरी बनाए रखी। उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत हैदराबाद में पुलेला गोपीचंद की बैडमिंटन एकेडमी से हुई थी, जहां दोनों ही एक ही कोच की देखरेख में ट्रेनिंग ले रहे थे। यहीं से उनके बीच की केमिस्ट्री ने जन्म लिया और धीरे-धीरे यह रिश्ता दोस्ती से आगे बढ़कर प्यार में बदल गया। कैरियर की व्यस्तताओं और प्रतियोगिताओं के बीच भी दोनों ने एक-दूसरे का साथ दिया। यह रिश्ता हमेशा फैंस के लिए प्रेरणा रहा, लेकिन अब उनके अलग होने की खबर ने सभी को भावुक कर दिया है।
फैंस में उदासीफैंस के बीच इस फैसले को लेकर ग़म है, लेकिन साथ ही सभी साइना और कश्यप के साहस की भी सराहना कर रहे हैं। जिंदगी में कभी-कभी रिश्ते को बनाए रखने से ज्यादा जरूरी होता है – खुद को समझना और अपनी आंतरिक शांति को प्राथमिकता देना।