IPL 2025 में CSK के कप्तान होंगे रोहित शर्मा, अंबाती रायडू के बयान ने दी हवा?

नई दिल्ली। आने वाली 22 मार्च शुक्रवार से IPL का अगला सीजन शुरू होने जा रहा है। इस सीजन के शुरू होने से पहले ही दो खिलाड़ियों को लेकर खेल के मैदान के बाहर बहुत चर्चा हो रही है। यह दो खिलाड़ी हैं चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी व दूसरे हैं मुम्बई इंडियन्स के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, जो इस सीजन में मुम्बई इंडियन्स की ओर से बतौर बल्लेबाज मैदान पर उतरेंगे। वहीं दूसरी ओर धोनी को लेकर कहा जा रहा है कि यह उनका IPL का आखिरी सीजन है। इसके बाद वे क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से पूरी तरह से संन्यास ले लेंगे।

खेल के इन दो महान खिलाड़ियों की चर्चा को भारत के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायडू के एक बयान से और बल मिला। रायडू के बयान ने खेल प्रशंसकों में बड़ी हलचल पैदा कर दी है। अंबाती रायडू ने कहा है कि रोहित शर्मा को 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स में जाते देखना पसंद करेंगे। इतना ही नहीं वो चाहते हैं कि धोनी के रिटायर होने पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा सीएसके का नेतृत्व करें।

रोहित शर्मा 22 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस का नेतृत्व नहीं करेंगे। पांच बार के चैंपियन ने हार्दिक पांड्या को फ्रेंचाइजी का नया कप्तान नियुक्त किया है।


न्यूज 24 से बातचीत करते हुए रायडू ने कहा, रोहित अगले 5-6 साल तक और खेल सकते हैं। मैं उन्हें भविष्य में CSK के लिए खेलते देखना चाहता हूं। अगर उन्हें कप्तानी करनी है तो वह दुनिया में कहीं भी कर सकते हैं। और जब एमएस रिटायर होंगे, तो वह कप्तान के रूप में भी कार्यभार संभाल सकते हैं।

रायडू ने यह भी कहा कि गुजरात टाइटन्स और एमआई के विपरीत सेटअप के कारण मुंबई इंडियंस का नेतृत्व करना हार्दिक पांड्या के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।

रोहित आईपीएल में 243 मैचों में 6211 रन बनाकर सर्वकालिक चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।