मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान और अनुभवी ओपनर रोहित शर्मा इन दिनों चोट की समस्या से जूझ रहे हैं। फिटनेस की वजह से वह पिछले तीन मुकाबलों से टीम का हिस्सा नहीं बन पाए हैं, जिसका सीधा असर मुंबई के प्रदर्शन पर देखने को मिला है। इन तीन मैचों में से दो में टीम को करारी हार झेलनी पड़ी है। ऐसे में MI समर्थक लगातार उनकी वापसी को लेकर उम्मीद लगाए बैठे हैं। इसी बीच रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। मुंबई इंडियंस अपना अगला मुकाबला 29 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलने वाली है।
हैमस्ट्रिंग इंजरी से परेशान हैं रोहित शर्माक्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार रोहित शर्मा जल्द ही टीम में वापसी कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि वह दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग इंजरी से रिकवरी की प्रक्रिया में हैं और उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। संभावना जताई जा रही है कि वह 29 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मैच तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे। यह मुकाबला मुंबई इंडियंस के घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। रोहित शर्मा 12 अप्रैल से मैदान से बाहर हैं, जब उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगी थी। तभी से वह लगातार तीन मैचों में नहीं खेल पाए हैं।
पंजाब, गुजरात और चेन्नई के खिलाफ नहीं उतरे रोहितचोट के कारण रोहित शर्मा पंजाब किंग्स, गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबलों में भी टीम का हिस्सा नहीं बन सके। हालांकि अब खबरें यह संकेत दे रही हैं कि वह तेजी से रिकवरी कर रहे हैं और फुल फिटनेस हासिल करने के बेहद करीब हैं। उम्मीद की जा रही है कि वह हैदराबाद के खिलाफ अहम मुकाबले में टीम के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। टीम मैनेजमेंट के सूत्रों के मुताबिक, रोहित लगातार ट्रेनिंग स्टाफ और कोचिंग यूनिट के साथ मिलकर अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं। एक सूत्र ने क्रिकबज को बताया कि रोहित मैदान पर पूरी ताकत के साथ मेहनत कर रहे हैं ताकि जल्द से जल्द वापसी कर सकें।
आईपीएल 2026 में अब तक कैसा रहा है प्रदर्शन?इस सीजन की शुरुआत रोहित शर्मा के लिए काफी सकारात्मक रही थी। उन्होंने शुरुआती मैचों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए ऑरेंज कैप की रेस में भी जगह बना ली थी। अब तक खेले गए चार मुकाबलों में उन्होंने कुल 137 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। उनका स्ट्राइक रेट भी 165 के आसपास रहा है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस का यह सीजन अब तक निराशाजनक रहा है, जहां टीम को 7 में से 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे हालात में टीम को वापसी की राह पर लाने के लिए रोहित शर्मा की मौजूदगी बेहद अहम मानी जा रही है।