BCCI को मिला नया अध्यक्ष, सौरव गांगुली की हुई विदाई, AGM में हुआ फैसला

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को नया अध्यक्ष मिल गया है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार और 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रोजर बिन्नी (Roger Binny) को मंगलवार (17 अक्टूबर) को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का 36वां अध्यक्ष बनाया गया। यह फैसला मंगलवार को हुई बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (AGM) में लिया गया। 67 वर्षीय रोजर बिन्नी बीसीसीआई अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे। उनके अलावा किसी ने नामांकन नहीं किया था। ऐसे में रोजर बिन्नी को निर्विरोध बीसीसीआई का नया अध्यक्ष चुना गया है। पदाधिकारियों का यह चुनाव सिर्फ एक औपचारिकता ही थी, क्योंकि इनका निर्विरोध चुना जाना तय था। इसके अलावा जय शाह बीसीसीआई सचिव के रूप में काम करना जारी रखेंगे। अरुण धूमल कोषाध्यक्ष का पद खाली करेंगे। आशीष शेलार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। राजीव शुक्ला उपाध्यक्ष होंगे जबकि देवजीत सैकिया संयुक्त सचिव होंगे। निवर्तमान कोषाध्यक्ष अरुण धूमल आईपीएल के नए अध्यक्ष होंगे।

रोजर बिन्नी बीसीसीआई के 36वें अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले सौरव गांगुली 2019 से यह पद संभाल रहे थे। कुछ समय पहले गांगली के ही कार्यकाल को बढ़ाये जाने की उम्मीदें जताई जा रही थीं। लेकिन कुछ ही दिनों में समीकरण बदल गए और गांगुली की विदाई हो गई।

रोजर बिन्नी हाल ही में कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। मगर अब बीसीसीआई अध्यक्ष बनते ही वह इस पद को छोड़ देंगे। बिन्नी अपने जमाने के मिडियम पेस बॉलर रहे हैं। उन्होंने 1983 के वर्ल्ड कप में 8 मैच खेले थे, जिसमें सबसे ज्यादा 18 विकेट लिए थे।