हम एक f**#ing अच्छी टीम हैं...राजस्थान से हार के बाद बोले ऋषभ पंत

आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का सफर लगभग खत्म हो चुका है। प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी टीम को मंगलवार, 19 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एक और निराशाजनक हार झेलनी पड़ी। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए हाईस्कोरिंग मुकाबले में लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 220 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था, लेकिन इसके बावजूद टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी।

राजस्थान रॉयल्स ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए इस विशाल लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया और लखनऊ को सीजन की नौवीं हार का सामना करना पड़ा। मैच खत्म होने के बाद कप्तान ऋषभ पंत काफी निराश नजर आए। उन्होंने हार के कारणों पर खुलकर बात की और टीम के प्रदर्शन को लेकर अपनी राय रखी। बातचीत के दौरान उनकी हताशा भी साफ दिखाई दी, जब उन्होंने अंग्रेजी में अपशब्द का इस्तेमाल करते हुए कहा कि परिणाम चाहे जो रहे, उनकी टीम अब भी बेहद मजबूत है।

पंत बोले- 220 के बाद भी हम और रन बना सकते थे

पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में ऋषभ पंत ने माना कि टीम के पास बड़ा स्कोर बनाने का मौका था, लेकिन आखिरी ओवरों में बल्लेबाज उसका पूरा फायदा नहीं उठा सके। उन्होंने कहा, “इस मैच को देखने के कई तरीके हो सकते हैं। बीच के ओवरों में हमने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन आखिरी चरण में जिस तरह जोफ्रा आर्चर ने गेंदबाजी की, उसने मैच बदल दिया। मुझे लगता है कि इस विकेट पर हम पांच से दस रन और जोड़ सकते थे। जब टीम को इतनी अच्छी शुरुआत मिलती है, तब अंत में उसे बड़े स्कोर में बदलना जरूरी हो जाता है।”
बल्लेबाजों के लिए आसान थी पिच

पंत ने माना कि जयपुर की पिच गेंदबाजों के लिए काफी मुश्किल साबित हुई। उन्होंने कहा कि ऐसी बल्लेबाजी मददगार सतह पर गेंदबाजों के पास ज्यादा विकल्प नहीं बचते। कप्तान के मुताबिक, “आप हमेशा चाहते हैं कि अपने गेंदबाजों का समर्थन करें, लेकिन कुछ विकेट ऐसी होती हैं जहां गेंदबाजों के लिए गलती की गुंजाइश बहुत कम होती है। कई बार बड़े प्लान काम नहीं करते और आपको बेहद साधारण रणनीति के साथ एक-एक गेंद पर फोकस करना पड़ता है।”

अनुभव की कमी टीम पर पड़ी भारी

लखनऊ के कप्तान ने मैच के दौरान अनुभव की अहमियत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दबाव भरे मुकाबलों में अनुभवी खिलाड़ियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और यही चीज टीम को मुश्किल परिस्थितियों में संभालती है।

पंत ने कहा, “अनुभव ऐसी चीज है जिसे तुरंत हासिल नहीं किया जा सकता। इसे कमाने में खिलाड़ियों को कई साल लग जाते हैं। जब मैच दबाव में होता है, तब यही अनुभव टीम को आगे बनाए रखता है।”

शाहबाज़ अहमद को देर से लाने पर भी दी सफाई


मैच में शाहबाज़ अहमद को आखिरी ओवरों तक गेंदबाजी न देने को लेकर भी ऋषभ पंत से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने बताया कि राजस्थान की टीम में लगातार लेफ्ट हैंड बल्लेबाज क्रीज पर मौजूद थे, इसलिए टीम ज्यादा रिस्क नहीं लेना चाहती थी।

उन्होंने कहा, “हम लेफ्ट-हैंड बल्लेबाजों के खिलाफ लेफ्ट-आर्म स्पिनर को इस्तेमाल नहीं करना चाहते थे। हमारे पास राठी जैसा विकल्प मौजूद था, इसलिए हमने शाहबाज़ को रोककर रखने का फैसला किया।”

टीम पर अब भी भरोसा कायम


लगातार हार और प्लेऑफ से बाहर होने के बावजूद ऋषभ पंत ने अपनी टीम पर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि नतीजे भले उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे, लेकिन टीम की क्षमता पर उन्हें कोई शक नहीं है।

पंत ने कहा, “स्थिति चाहे जैसी भी हो, हमें अपनी टीम पर गर्व है। हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो मैच जिता सकते हैं। चीजें हमारे हिसाब से नहीं गईं, यह हर कोई जानता है, लेकिन इससे यह सच नहीं बदलता कि हम एक बहुत अच्छी टीम हैं। हम खिलाड़ियों के तौर पर और इंसान के तौर पर आत्मविश्वास से भरे हुए हैं।”