RCB Vs KKR: नो बॉल के बाद अब उठ रहा छक्के पर विवाद

रविवार (21 अप्रैल) को ईडन गार्डन्स में खेला गया रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच आईपीएल 2024 का 36वां मुकाबला रोमांच और विवादों से भरपूर रहा। पहले बल्लेबाजी करने उतरी KKR ने RCB को 222 रन बनाए। जीत के लिए RCB को 223 रन बनाने थे, लेकिन वह 1 रन से मैच हार गई।मैच में विराट कोहली के विकेट पर खूब बवाल हुआ।

कोहली जिस गेंद पर आउट हुए उसे नो बॉल कहा जा रहा था, लेकिन थर्ड अंपायर ने उसे लीगल गेंद मानकर कोहली को आउट दे दिया। अब नो बॉल विवाद के बाद एक दूसरा विवाद सामने आया है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि अंपायर ने RCB की बैटिंग के दौरान एक छक्के को चौका करार दिया था, अगर वह छक्का हो जाता तो RCB मैच जीत जाती।

इस विवादित छक्के का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर सुयश प्रभुदेसाई ने वरुण चक्रवर्ती पर लेग साइड में चौका लगाया। गेंद काफी देर तक हवा में रही थी, पहली नज़र में ऐसा ही लगा कि गेंद सीधे बाउंड्री लाइन के पार गई है, लेकिन अंपायर ने इसे चौका करार दिया।

अब वीडियो को सोशल मीडिया पर कुछ अलग ढंग से पोस्ट किया गया है, जिसमें दिख रहा है कि वीडियो के आखिरी हिस्से को ज़ूम और धीमा किया जाता है। इसके बाद गेंद सीधी बाउंड्री लाइन के पार गिरती हुई दिख रही है। हालांकि इस वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।