रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली जीत के बाद भले ही राहत की सांस ली हो, लेकिन वह पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने साफ कहा कि जीत के बावजूद टीम से कई गलतियां हुई हैं, जिन पर काम करना जरूरी है। डिफेंडिंग चैंपियन RCB इस सीजन भी मजबूत दावेदार के रूप में दिख रही है और अब तक खेले गए 7 मैचों में से 5 में जीत हासिल कर चुकी है। टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। कप्तान पाटीदार ने विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल के साथ-साथ गेंदबाजों के प्रदर्शन की भी सराहना की।
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में रजत पाटीदार ने कहा, “यह एक काफी टाइट मुकाबला था और इस मैच से हमें कई चीजें सीखने को मिलीं। अगर शुरुआत की बात करूं तो हमारी गेंदबाजी शुरुआत से ही अच्छी रही। भुवनेश्वर कुमार (भुवी) और जोश हेजलवुड ने सही लेंथ पर गेंदबाजी की, जो काफी प्रभावी रही। उसके बाद सुयश ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की। डेथ ओवर्स में रसिख सलाम, भुवी और हेजलवुड की यॉर्कर देखने लायक थीं।”
GT को रोकने की रणनीति पर बोलते हुए उन्होंने आगे कहा, “हमारी योजना थी कि उन्हें 200 रन से नीचे रोका जाए ताकि लक्ष्य का पीछा आसान हो सके। पिछले साल भी हमारी सोच ऐसी ही थी और इस बार भी वही रणनीति अपनाई गई। गेंदबाजों ने प्लान के मुताबिक शानदार निष्पादन किया। खासकर यॉर्कर काफी सटीक थीं, जिसकी वजह से हम उन्हें 205 पर रोकने में सफल रहे। यही हमारे लिए अहम रहा।”
विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की साझेदारी पर प्रतिक्रिया देते हुए पाटीदार ने कहा, “यह शानदार था। बेथेल और विराट भैया ने जिस तरह से शुरुआत की, उसने हमें मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। देवदत्त पडिक्कल की पारी भी काफी खास रही और देखने में बेहद रोमांचक थी। हालांकि बीच के ओवरों में हमने कुछ जल्दी विकेट गंवा दिए, जो चिंता का विषय है। यह इस मैच से हमें बड़ी सीख मिली है। आगे हम अपनी गलतियों पर काम करेंगे और सुधार की कोशिश करेंगे।”