PSL 2026 में शर्मनाक घटना, मैच के बीच जर्सी का रंग निकला, सफेद गेंद हुई गुलाबी

पाकिस्तान सुपर लीग 2026 की शुरुआत 26 मार्च से हुई, लेकिन पहले ही मुकाबले ने लीग की प्रतिष्ठा पर सवाल खड़े कर दिए। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए लाहौर कलंदर्स और हैदराबाद किंग्समैन के बीच हुए मैच में ऐसी अनोखी घटना हुई कि सफेद क्रिकेट गेंद अचानक गुलाबी नजर आने लगी। यह नजारा देख कर सोशल मीडिया पर लीग की खूब हंसी उड़ाई गई।

सफेद गेंद हुई गुलाबी

मैच के दौरान खिलाड़ियों ने गेंद को चमकाने के लिए जर्सी और तौलिये का इस्तेमाल किया। वहीं सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया कि हैदराबाद किंग्समैन की जर्सी का रंग खराब क्वालिटी का था, जो गेंद पर लग गया और सफेद गेंद धीरे-धीरे गुलाबी दिखने लगी। रंग बदलने की वजह से अंपायरों को मजबूरन पहली पारी के लगभग 15 ओवर बाद गेंद बदलनी पड़ी।
सोशल मीडिया पर उड़ा मजाक

इस घटना के बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर PSL का जमकर मजाक उड़ाया। कुछ यूजर्स ने इसे “पिंक बॉल टी20” कह दिया, तो कुछ ने लीग की तैयारियों और प्रबंधन पर सवाल उठाए। कई लोगों ने कहा कि प्रोफेशनल लीग में इस तरह की चूक बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।

मैच में एकतरफा प्रदर्शन

मैच की खेल की बात करें तो लाहौर कलंदर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 199 रन बनाए। टीम के स्टार बल्लेबाज फखर जमान ने 53 रन की अहम पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जवाब में हैदराबाद किंग्समैन 130 रन पर ही आउट हो गई और 69 रन से मैच हार गई।

नई टीम पर उठे सवाल

हैदराबाद किंग्समैन इस सीजन की नई टीमों में से एक है। लेकिन पहले ही मैच में इस तरह की तकनीकी गलती और जर्सी की खराब गुणवत्ता ने टीम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए। PSL 2026 के इस शुरुआती मैच ने लीग की साख को नुकसान पहुंचाया है। अब यह देखना बाकी है कि आयोजक भविष्य में इस तरह की घटनाओं से कैसे बचेंगे और टूर्नामेंट को सुचारू रूप से चलाएंगे।