‘पहले ही बता दिया था कि वैभव सूर्यवंशी को आउट करूंगा’, प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद प्रफुल्ल हिंगे का बड़ा बयान

सनराइजर्स हैदराबाद के युवा तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने आईपीएल डेब्यू मैच में ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरी क्रिकेट दुनिया उनकी चर्चा करने लगी। अपने पहले ही मुकाबले में उन्होंने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया और राजस्थान रॉयल्स की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप को तहस-नहस कर दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने अपनी दूसरी ही गेंद पर वैभव सूर्यवंशी जैसे खतरनाक बल्लेबाज को पवेलियन भेज दिया, जबकि उसी ओवर में फॉर्म में चल रहे ध्रुव जुरेल को भी आउट कर दिया। पूरे मैच में उन्होंने कुल 4 विकेट झटके और अपनी टीम की 57 रन से शानदार जीत में अहम भूमिका निभाई।

यह मुकाबला सोमवार को खेला गया, जहां राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। शुरुआत में ऐसा लग रहा था कि राजस्थान रॉयल्स इस लक्ष्य का पीछा कर सकती है, क्योंकि उनकी हालिया फॉर्म अच्छी रही थी। लेकिन जैसे ही प्रफुल्ल हिंगे गेंदबाजी के लिए आए, उन्होंने मैच की पूरी तस्वीर बदल दी। अपने पहले ही ओवर में उन्होंने कहर बरपाते हुए दूसरी गेंद पर वैभव सूर्यवंशी को आउट किया और चौथी गेंद पर ध्रुव जुरेल को चलता कर दिया। इसके बाद उन्होंने लुआन-ड्रे प्रीटोरियस को भी उसी ओवर में पवेलियन भेज दिया। बाद में कप्तान रियान पराग का विकेट लेकर उन्होंने अपना चौथा शिकार पूरा किया और राजस्थान की कमर तोड़ दी।
मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड हासिल करने वाले प्रफुल्ल हिंगे ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि उन्हें पहले से भरोसा था कि वह इस मैच में बड़ा प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि उन्होंने कहीं लिखा था कि वह अपने डेब्यू में 4 से 5 विकेट जरूर लेंगे। उनका मानना है कि अगर खिलाड़ी अपने प्रदर्शन को लेकर स्पष्ट सोच रखे तो नतीजे भी वैसे ही मिलते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने 13 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था, उस समय उन्हें यह भी ठीक से नहीं पता था कि लेदर बॉल क्रिकेट क्या होता है। शुरुआत में उनके पिता उन्हें क्लब में शामिल नहीं करना चाहते थे क्योंकि वे उन्हें बहुत छोटा समझते थे, लेकिन बाद में वही उन्हें क्लब लेकर गए और वहीं से उनका सफर शुरू हुआ।

प्रफुल्ल ने यह भी कहा कि वह यह पुरस्कार अपने परिवार को समर्पित करते हैं, क्योंकि उनके सपने को पूरा करने में उनके घरवालों का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने अपने सबसे खास विकेट के बारे में बात करते हुए कहा कि वैभव सूर्यवंशी का विकेट उनके लिए बेहद यादगार रहा, क्योंकि उन्होंने पहले ही अपने दोस्तों से कह दिया था कि वह उन्हें बाउंसर पर आउट करेंगे और वैसा ही उन्होंने करके दिखाया।

इसके साथ ही उन्होंने अपने बॉलिंग कोच का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिन्होंने मैच से पहले उनकी रणनीति बनाने में मदद की। प्रफुल्ल के मुताबिक, यह सफलता केवल उनकी नहीं बल्कि पूरे सपोर्ट सिस्टम की मेहनत का नतीजा है, जिसने उन्हें इस बड़े मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन करने का आत्मविश्वास दिया।