मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत में सबसे अहम योगदान टीम के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह का रहा, जिन्होंने 39 गेंदों पर नाबाद 80 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 11 चौके और 2 छक्के लगाए और अंत तक क्रीज पर टिके रहकर टीम को जीत दिलाई। मैच के बाद प्रभसिमरन सिंह ने खुलासा किया कि उनकी इस बेहतरीन पारी के पीछे पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज युवराज सिंह का बड़ा हाथ रहा। उन्होंने बताया कि ऑफ-सीजन में युवराज सिंह के साथ की गई मेहनत और उनसे मिले मार्गदर्शन ने उन्हें इस मैच में आत्मविश्वास दिया और उसी वजह से वह टीम को जीत तक पहुंचाने में सफल रहे।
“मुझे खुद पर भरोसा था कि मैं टीम के लिए मैच खत्म कर दूंगा”- प्रभसिमरनमैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बातचीत में प्रभसिमरन सिंह ने अपनी सोच और रणनीति के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि पावरप्ले के दौरान उन्हें ज्यादा गेंदें खेलने का मौका नहीं मिला, इसलिए शुरुआत में वह सिर्फ स्थिति को समझ रहे थे। प्रभसिमरन ने बताया, “शुरुआत में मैंने सिर्फ गेंदें गिनीं क्योंकि पावरप्ले में मुझे 6-7 गेंदें ही खेलने को मिलीं। लेकिन फिर मुझे लगा कि अगर मैं थोड़ा और समय क्रीज पर बिताऊंगा तो अपनी पारी को बड़ा बना सकता हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करते समय शुरुआती ओवरों में तेजी जरूरी होती है, लेकिन हर बार विकेट और पिच एक जैसी नहीं होती। ऐसे में उन्होंने समझदारी से खेलते हुए अपनी पारी को आगे बढ़ाने का फैसला किया। प्रभसिमरन के अनुसार, उन्होंने खुद पर भरोसा रखा और अंत में वही आत्मविश्वास टीम की जीत में बदल गया।
युवराज सिंह से मिली सीख बनी सफलता की कुंजीप्रभसिमरन सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय देते हुए बताया कि इस सीजन की शुरुआत से पहले उन्होंने पूर्व भारतीय दिग्गज युवराज सिंह के साथ काफी समय तक अभ्यास किया था। उन्होंने कहा कि ऑफ-सीजन ट्रेनिंग के दौरान युवराज सिंह ने उन्हें लगातार यह समझाया कि अगर क्रीज पर सेट हो जाओ तो पारी को लंबा खींचना बेहद जरूरी है।
प्रभसिमरन ने कहा, “मैं जब भी युवी पाजी से बात करता हूं, वह हमेशा यही कहते हैं कि तुम्हारे पास टाइम है, तुम लंबा खेल सकते हो। यही बात मेरे दिमाग में थी कि अगर मैं आखिर तक खेलूंगा तो टीम को जीत दिला सकता हूं।”
कप्तान श्रेयस अय्यर की तारीफ भी कीइस बातचीत के दौरान प्रभसिमरन सिंह ने अपनी टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अय्यर एक बहुत ही स्पष्ट सोच वाले कप्तान हैं, जो मैदान पर खिलाड़ियों को पूरी तरह क्लैरिटी देते हैं। प्रभसिमरन के अनुसार, “हमारे कप्तान बहुत अच्छे हैं। जब वह बात करते हैं तो हमें साफ समझ आता है कि हमें क्या करना है। इसके अलावा वह खुद भी शानदार फॉर्म में बल्लेबाजी कर रहे हैं, जिससे टीम का माहौल और आसान हो जाता है।”