एशेज की तैयारी में जुटेंगे पैट कमिंस, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे-टी20 सीरीज से ले सकते हैं ब्रेक

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने संकेत दिए हैं कि वे इस साल अगस्त में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे। कमिंस ने स्पष्ट किया कि वे इस दौरान अपने शरीर को एशेज 2025 के लिए तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जो इस साल नवंबर में इंग्लैंड के खिलाफ खेली जानी है।

एशेज की तैयारी को बताया प्राथमिकता


वेस्ट इंडीज के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज के दौरान जमैका में मीडिया से बातचीत में पैट कमिंस ने कहा, मैं आने वाले कुछ हफ्तों में एक अच्छा ट्रेनिंग ब्लॉक लूंगा। हो सकता है कि मैं गेंदबाजी न करूं, लेकिन जिम में कड़ी मेहनत जरूर करूंगा। मेरा शरीर अच्छा महसूस कर रहा है, लेकिन कुछ छोटी-मोटी चीजें हैं जिन्हें सुधारना है।

कमिंस ने संकेत दिया कि अगस्त में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले तीन टी20 और तीन वनडे मैचों में उनकी भागीदारी संभवतः नहीं होगी। उन्होंने कहा, ऐसा हो सकता है कि मैं इस दौरान सफेद गेंद की क्रिकेट न खेलूं और पूरी तरह एशेज की तैयारी में जुट जाऊं।

टीम में नेतृत्व को लेकर होंगे बदलाव

कमिंस की संभावित अनुपस्थिति के चलते ऑस्ट्रेलियाई टीम प्रबंधन को दक्षिण अफ्रीका दौरे पर कप्तानी और टीम संयोजन में बदलाव करने पड़ सकते हैं। यह सीरीज 10 अगस्त से टी20 मैचों के साथ शुरू होगी, जबकि 19 अगस्त से वनडे मुकाबले खेले जाएंगे।

घरेलू शेड्यूल को भी बताया अहम

कमिंस ने कहा कि उनका ध्यान टेस्ट क्रिकेट और घरेलू शील्ड टूर्नामेंट पर भी रहेगा। उन्होंने कहा, अभी काफी शील्ड क्रिकेट बचा है और ऑस्ट्रेलिया ए के मैच भी हैं। टेस्ट स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने से एशेज की टीम में चयन की संभावना मजबूत होती है।

उन्होंने यह भी कहा कि एशेज भले अभी दूर है, लेकिन वर्तमान प्रदर्शन से ही उस टीम की नींव पड़ेगी।

कमिंस के लिए पिछले कुछ महीने अत्यंत व्यस्त रहे हैं। उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी, आईपीएल 2025, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और वेस्ट इंडीज टेस्ट सीरीज में कप्तानी की है। ऐसे में उनका यह निर्णय शरीर को तरोताजा करने और लंबे प्रारूप के लिए मानसिक रूप से तैयार रहने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

गुलाबी गेंद से वेस्ट इंडीज के खिलाफ अंतिम टेस्ट में उतरेंगे

हालांकि, कमिंस ने यह स्पष्ट कर दिया कि वे वेस्ट इंडीज के खिलाफ चल रही सीरीज का आखिरी टेस्ट, जो गुलाबी गेंद से खेला जाएगा, जरूर खेलेंगे। यह जमैका में पहला डे-नाइट टेस्ट होगा और कमिंस इसे जीतकर सीरीज में क्लीन स्वीप करना चाहते हैं।