नाना पाटेकर के निधन के बाद उनके अभिनय के साथ-साथ क्रिकेट के प्रति उनके लगाव से जुड़े पुराने किस्से भी सामने आ रहे हैं। 75 वर्षीय अभिनेता क्रिकेट को काफी पसंद करते थे और विराट कोहली उनके पसंदीदा क्रिकेटर थे। नाना ने एक पुराने इंटरव्यू में कोहली को लेकर ऐसी बात कही थी, जो उनके खेल के प्रति लगाव को बताती है। उन्होंने कहा था कि अगर विराट कोहली जल्दी आउट हो जाते हैं तो उनका खाना खाने का भी मन नहीं करता।
नाना पाटेकर का गुरुवार सुबह गोवा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। अस्पताल ले जाने के बाद करीब 45 मिनट तक उन्हें सीपीआर दिया गया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। उनके निधन की खबर के बाद फिल्म जगत और दूसरे क्षेत्रों से जुड़े कई लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। विराट कोहली ने भी सोशल मीडिया पर नाना को भारतीय सिनेमा का सच्चा दिग्गज बताते हुए याद किया।
विराट कोहली को लेकर नाना ने कही थी ये बातनाना पाटेकर ने TV9 को दिए एक पुराने इंटरव्यू में विराट कोहली के प्रति अपनी पसंद का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था, “विराट कोहली मेरा पसंदीदा क्रिकेटर है। वह ऐसा प्लेयर है, जिसे मैं बहुत चाहता हूं। विराट जब जल्दी आउट हो जाता है तो खाना खाने की इच्छा नहीं होती।”
इस बयान से साफ तौर पर यह सामने आता है कि नाना कोहली के खेल को कितनी दिलचस्पी से देखते थे। उनके लिए कोहली सिर्फ पसंदीदा क्रिकेटर ही नहीं थे, बल्कि उनके प्रदर्शन का असर उनके अपने मूड पर भी पड़ता था। यही वजह है कि नाना का यह पुराना बयान उनके निधन के बाद फिर चर्चा में आया।
विराट कोहली ने नाना पाटेकर को ऐसे दी श्रद्धांजलिनाना पाटेकर के निधन के बाद विराट कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कोहली ने अभिनेता को भारतीय सिनेमा का “एक सच्चा दिग्गज” बताया।
उन्होंने लिखा, “भारतीय सिनेमा के एक सच्चे दिग्गज। उनका काम और विरासत पीढ़ियों तक जिंदा रहेगी। नाना पाटेकर जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। ओम शांति।”
कोहली की यह पोस्ट नाना के उस पुराने बयान के संदर्भ में भी देखी जा रही है, जिसमें अभिनेता ने उन्हें अपना पसंदीदा क्रिकेटर बताया था।
गोवा में अचानक बिगड़ी थी नाना की तबीयतनाना पाटेकर पणजी के पास डोना पाउला स्थित अपने अपार्टमेंट में रहते थे। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक तड़के करीब साढ़े तीन बजे उन्होंने एक दोस्त को संदेश भेजकर बताया था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं लग रही है। नाना का घर अस्पताल से करीब पांच मिनट की दूरी पर था। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की। करीब 45 मिनट तक सीपीआर दिए जाने के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। सुबह करीब 5:10 बजे उन्हें मृत घोषित किए जाने की जानकारी सामने आई। नाना के आकस्मिक निधन से फिल्म जगत में उनके साथ काम कर चुके कलाकारों और उनके प्रशंसकों ने उन्हें याद किया। बताया गया कि वह निधन से कुछ दिन पहले ही गोवा के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे और उस दौरान स्वस्थ नजर आ रहे थे।
अक्षय कुमार ने भी साझा कीं नाना के साथ काम की यादेंनाना पाटेकर के साथ ‘वेलकम’ में काम कर चुके अभिनेता अक्षय कुमार ने भी उनके निधन पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नाना के साथ काम करने की अपनी यादों को साझा किया। अक्षय ने लिखा कि नाना के निधन की खबर से वह बेहद दुखी हैं। उनके मुताबिक नाना उन चुनिंदा अभिनेताओं में शामिल थे, जिन्हें दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए बहुत कुछ करने की जरूरत नहीं पड़ती थी। उनकी आवाज, अभिनय का तेवर और हर किरदार में दिखाई देने वाली ईमानदारी उन्हें अलग बनाती थी। अक्षय ने आगे नाना को बेमिसाल कलाकार बताते हुए कहा कि यह विश्वास करना मुश्किल है कि वह अब उनके बीच नहीं रहे। उन्होंने नाना के साथ जुड़ी सभी यादों के लिए उनका आभार जताया और कहा कि उनकी कमी को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
नाना पाटेकर के निधन के बाद उनके अभिनय और निजी पसंद से जुड़े कई पुराने बयान सामने आ रहे हैं। विराट कोहली को लेकर कही गई उनकी बात भी इसी वजह से दोबारा चर्चा में है, जिसमें उन्होंने बताया था कि अपने पसंदीदा क्रिकेटर के जल्दी आउट होने पर उनका खाना खाने का मन तक नहीं करता था।