चेपॉक के मैदान पर सोमवार की रात सिर्फ एक आईपीएल मैच नहीं खेला गया, बल्कि भावनाओं का ऐसा सैलाब उमड़ा जिसने हर क्रिकेट फैन को बेचैन कर दिया। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से पहले सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या महेंद्र सिंह धोनी आखिरी बार पीली जर्सी में नजर आने वाले हैं? क्या यह चेपॉक में उनका अंतिम मुकाबला हो सकता है? क्या आईपीएल में नंबर-7 की जर्सी अब कभी मैदान पर नहीं दिखेगी? इन तमाम सवालों ने मैच शुरू होने से पहले ही फैंस की धड़कनें बढ़ा दी थीं।
मुकाबले से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया गया, जिसमें धोनी टीम बस में चढ़ते दिखाई दिए। बस इसी वीडियो ने फैंस की उम्मीदों को और हवा दे दी। हालांकि टॉस के दौरान जब रवि शास्त्री ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ से पूछा कि क्या धोनी आज खेल रहे हैं, तो उन्होंने साफ कर दिया कि माही चोटिल हैं और मैदान पर नहीं उतरेंगे। पिंडलियों की चोट से परेशान धोनी पूरे सीजन एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। यहां तक कि मैच के दिनों में वह ड्रेसिंग रूम से भी दूर रहे और ज्यादातर समय होटल में ही बिताया। हालांकि प्रैक्टिस सेशन में वह टीम के साथ जरूर नजर आते थे।
लेकिन चेपॉक में खेले गए इस मुकाबले का माहौल अलग था, क्योंकि यह सीजन का चेन्नई सुपर किंग्स का आखिरी घरेलू मैच था। ऐसे में हर किसी की निगाहें सिर्फ धोनी पर टिकी हुई थीं। फैंस को उम्मीद थी कि शायद ‘थाला’ किसी खास अंदाज में मैदान पर दिखाई दें और हुआ भी कुछ ऐसा ही।
इस सीजन पहली बार धोनी मैच-डे पर चेन्नई सुपर किंग्स की पीली जर्सी में नजर आए। सिर्फ ड्रेसिंग रूम तक सीमित रहने वाले माही आखिरकार मैदान पर उतरे और स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 180 रन बनाए, लेकिन पहली पारी के दौरान कैमरे बार-बार ड्रेसिंग रूम की तरफ घूमने के बावजूद धोनी दिखाई नहीं दिए। फैंस लगातार उनकी एक झलक का इंतजार करते रहे।
आखिरकार इनिंग ब्रेक के दौरान वह पल आया जिसका हर किसी को इंतजार था। चेन्नई सुपर किंग्स ने टीम फोटो सेशन रखा और धोनी मैदान पर पहुंचे। जैसे ही माही ने चेपॉक की घास पर कदम रखा, पूरा स्टेडियम शोर से गूंज उठा। फैंस अपने मोबाइल कैमरों में उस पल को कैद करने लगे। धोनी शांत अंदाज में टीम के साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए। इसके बाद उन्हें ड्रेसिंग रूम में भी देखा गया। मैच के दौरान जब सनराइजर्स हैदराबाद जीत की ओर बढ़ रही थी, तब भी धोनी के चेहरे पर हल्की मुस्कान दिखाई दी, मानो वह हार के दर्द को अपने अंदाज में छिपाने की कोशिश कर रहे हों।
मुकाबला खत्म होने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने चेपॉक में लैप ऑफ ऑनर किया। पूरी टीम मैदान का चक्कर लगाकर फैंस का धन्यवाद करती नजर आई। इस दौरान साक्षी धोनी और जीवा भी कैमरों का केंद्र बनी रहीं। धोनी टीम के साथ बेहद शांत और भावुक अंदाज में दिखाई दिए। कभी सुरेश रैना उनसे बातचीत करते नजर आए तो कभी अन्य खिलाड़ी उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते दिखे। हर कोई उस पल को यादगार बनाना चाहता था।
लैप ऑफ ऑनर के बाद धोनी ने सबसे पहले ग्राउंड्समैन के साथ फोटो खिंचवाई। खास बात यह रही कि वह खुद आगे आकर बीच में बैठ गए और सभी के साथ तस्वीरें क्लिक कराईं। इसके बाद उन्होंने मीडिया कर्मियों और स्टाफ के साथ भी सेल्फी ली। धोनी का यह अंदाज फैंस को काफी भावुक कर गया, क्योंकि चेपॉक के कर्मचारियों और स्टेडियम स्टाफ के प्रति उनका सम्मान साफ नजर आ रहा था।
इस पूरे माहौल के बीच पांच साल पुराना धोनी का वह बयान भी फैंस को याद आया, जब आईपीएल 2020 में कमेंटेटर डैनी मॉरिसन ने उनसे पूछा था कि क्या पीली जर्सी में यह उनका आखिरी मैच है। उस समय धोनी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया था – “डेफिनेटली नॉट।” सोमवार को चेपॉक में कई फैंस इसी लाइन वाले पोस्टर लेकर पहुंचे थे। जब धोनी की नजर इन पोस्टरों पर पड़ी तो उनके चेहरे पर मुस्कान आ गई।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या धोनी ने चेपॉक में अपना आखिरी टी20 मैच खेल लिया है या फिर वह अगले सीजन भी मैदान पर नजर आएंगे? इसका जवाब शायद खुद चेन्नई सुपर किंग्स प्रबंधन के पास भी नहीं है। अंतिम फैसला हमेशा की तरह सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी के हाथ में है। लेकिन इतना तय है कि सोमवार की रात चेपॉक में मौजूद हर फैन यही चाहता था कि ‘थाला’ एक बार फिर सबकी उम्मीदों को जिंदा रखते हुए कहें – “डेफिनेटली नॉट।”