‘फिट दिख रहा हूं ना...’, NSG कमांडोज संग मस्ती करते नजर आए धोनी, शूटिंग प्रैक्टिस का VIDEO हुआ वायरल

आईपीएल 2026 के बीच महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर सुर्खियों में छा गए हैं, लेकिन इस बार वजह मैदान पर उनकी बल्लेबाजी नहीं बल्कि नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) कमांडोज के साथ बिताया गया खास समय है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में धोनी कमांडोज के साथ शूटिंग प्रैक्टिस करते, हंसी-मजाक करते और अपने चिर-परिचित शांत अंदाज में नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद फैंस लगातार इसे शेयर कर रहे हैं और ‘थाला’ का अंदाज एक बार फिर लोगों का दिल जीत रहा है।

जानकारी के मुताबिक महेंद्र सिंह धोनी 17 मई को चेन्नई स्थित NSG रीजनल हब पहुंचे थे। यहां उन्होंने कमांडोज से मुलाकात की और उनकी ट्रेनिंग गतिविधियों को करीब से देखा। धोनी ने सिर्फ जवानों से बातचीत ही नहीं की, बल्कि फायरिंग रेंज में जाकर आधुनिक हथियारों के साथ शूटिंग प्रैक्टिस भी की। इस दौरान वह काफी सहज और उत्साहित दिखाई दिए।

वायरल वीडियो में धोनी ब्लैक टी-शर्ट और डेनिम जींस में नजर आ रहे हैं। उनकी फिटनेस देखकर फैंस भी काफी प्रभावित हुए। हालांकि वीडियो का सबसे दिलचस्प और मजेदार पल तब आया, जब फिटनेस और ट्रेनिंग को लेकर बातचीत के दौरान धोनी ने मुस्कुराते हुए कमांडोज से पूछा, “फिट लग रहा हूं ना?” धोनी की यह बात सुनते ही वहां मौजूद सभी जवान हंस पड़े। उनका यह हल्का-फुल्का अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने भी इस पर जमकर प्रतिक्रिया दी।

धोनी का भारतीय सेना के प्रति लगाव किसी से छिपा नहीं है। क्रिकेट के अलावा उनका सेना से हमेशा खास जुड़ाव रहा है। साल 2011 में भारतीय सेना ने उन्हें टेरिटोरियल आर्मी की पैराशूट रेजिमेंट में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि से सम्मानित किया था। लेकिन धोनी ने इसे केवल सम्मान तक सीमित नहीं रखा, बल्कि सेना के साथ सक्रिय रूप से समय बिताया और ट्रेनिंग में हिस्सा भी लिया।
धोनी ने पैराट्रूपर ट्रेनिंग पूरी करने के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर में सेना के जवानों के साथ समय भी बिताया था। इतना ही नहीं, उन्होंने गार्ड ड्यूटी तक निभाई थी, जिससे फैंस के बीच उनके प्रति सम्मान और भी बढ़ गया। यही वजह है कि जब भी धोनी सेना से जुड़े किसी कार्यक्रम में दिखाई देते हैं, तो वह चर्चा का विषय बन जाते हैं।

दूसरी तरफ आईपीएल 2026 में उनकी वापसी को लेकर भी लगातार चर्चाएं जारी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने अब तक उनकी फिटनेस और खेलने की स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है। पिंडलियों की चोट से जूझ रहे धोनी इस सीजन अब तक मैदान पर नहीं उतर पाए हैं और फैंस उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

हालांकि हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के आखिरी घरेलू मुकाबले से पहले धोनी नेट्स में बल्लेबाजी अभ्यास करते नजर आए थे। इसके बाद से फैंस की उम्मीदें फिर बढ़ गई हैं कि शायद वह सीजन के आखिरी मैचों में मैदान पर वापसी कर सकते हैं। कई क्रिकेट प्रेमी तो यह भी मान रहे हैं कि अगर धोनी इस सीजन खेलते दिखाई देते हैं, तो वह आईपीएल करियर का उनका अंतिम मुकाबला भी हो सकता है।

धोनी के भविष्य को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इतना जरूर है कि चाहे मैदान हो या मैदान के बाहर का कोई पल, ‘कैप्टन कूल’ हमेशा अपने अंदाज से फैंस को चर्चा का नया विषय दे ही देते हैं।