
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी की तारीफ करते हुए उन्हें दुनिया का अब भी सबसे बेहतरीन विकेटकीपर बताया है। सोमवार, 14 अप्रैल को लखनऊ में खेले गए आईपीएल 2025 के मुकाबले में धोनी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ विकेट के पीछे जो कमाल दिखाया, उसने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक संख्या है।
एकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में 43 वर्षीय धोनी ने तीन अहम विकेटों में भूमिका निभाई। उन्होंने आयुष बडोनी को स्टंप किया, ऋषभ पंत का कैच पकड़ा और अब्दुल समद को रन आउट कर पवेलियन भेजा। इन शानदार प्रयासों के साथ धोनी आईपीएल में 200 विकेटों का आंकड़ा छूने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
धोनी का विकेटकीपिंग स्टैंडर्ड आज भी सबसे ऊपर है – क्लार्कस्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए माइकल क्लार्क ने कहा, “जब भी धोनी मैदान पर होते हैं, स्टेडियम में शोर खुद-ब-खुद बढ़ जाता है। उनकी विकेटकीपिंग ने मुझे कभी चौंकाया नहीं, क्योंकि मेरे लिए वह आज भी दुनिया के सबसे बेहतरीन विकेटकीपर हैं। इतने लंबे वक्त तक जो निरंतरता उन्होंने दिखाई है, वो अविश्वसनीय है। आज उनकी कप्तानी भी बेहतरीन रही – जिस तरह से उन्होंने दोनों स्पिनर्स को बीच के ओवरों में इस्तेमाल किया, वो बिल्कुल क्लासिक धोनी वाला मूव था।”
क्लार्क ने धोनी की मैच रीडिंग और परिस्थितियों के अनुसार गेंदबाजों का चयन करने की समझ की भी प्रशंसा की।
उन्होंने आगे कहा, “आज की रात का सबसे खास पहलू था धोनी की कप्तानी। उन्होंने हालात को पढ़ा, स्पिनर्स को एक साथ अटैक में लाकर रफ्तार से ओवर पूरे किए, दबाव बनाया, और खेल की गति को अपने नियंत्रण में लिया। उनका अनुभव ही इस जीत का असली फर्क बना।”
बल्ले से भी किया धमाका, ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने धोनीसिर्फ विकेट के पीछे ही नहीं, बल्कि धोनी बल्ले से भी चमके। उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में 26 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें 4 चौके और एक छक्का शामिल था। शिवम दुबे के साथ उन्होंने 28 गेंदों में 57 रन की नाबाद साझेदारी की और चेन्नई को आखिरी ओवर में जीत दिला दी। लक्ष्य था 167 रन, जिसे CSK ने 19.3 ओवर में हासिल कर लिया।
इस प्रदर्शन के लिए धोनी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया – यह उनके आईपीएल करियर में 18वां ऐसा सम्मान था।